बारासात की जगह बैरकपुर में सभा करेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 31 जनवरी को बैरकपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर सभा करेंगे. पहले यह सभा बारासात के कचहरी मैदान में प्रस्तावित थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद भाजपा ने बैरकपुर के आनंदपुरी मैदान को आयोजन स्थल के रूप में तय किया है.

बैरकपुर.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 31 जनवरी को बैरकपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर सभा करेंगे. पहले यह सभा बारासात के कचहरी मैदान में प्रस्तावित थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद भाजपा ने बैरकपुर के आनंदपुरी मैदान को आयोजन स्थल के रूप में तय किया है.

बताया गया है कि अमित शाह शुक्रवार रात को कोलकाता पहुंचेंगे और न्यूटाउन स्थित एक होटल में ठहरेंगे. उसी रात वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक भी कर सकते हैं. इसके बाद 31 जनवरी को बैरकपुर में कार्यकर्ता सभा को संबोधित करेंगे. भाजपा की ओर से बैरकपुर के आनंदपुरी मैदान में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. भाजपा बैरकपुर संगठनात्मक जिला के प्रवक्ता आविष्कार भट्टाचार्य ने बताया कि बारासात कचहरी मैदान के लिए अनुमति मांगी गयी थी, लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिये जाने के कारण केंद्र सरकार के अधीन आनंदपुरी मैदान को सभा स्थल के रूप में चुना गया है. उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में राज्य के शीर्ष भाजपा नेताओं के साथ-साथ चार संगठनात्मक जिलों से करीब छह हजार नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. सभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बुधवार को बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों और भाजपा नेतृत्व ने संयुक्त रूप से मैदान का निरीक्षण किया. इस दौरान बैरकपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष तापस घोष, बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल इंद्रवदन झा, डीसी ट्रैफिक एके घोष सहित अन्य अधिकारी और नेता मौजूद थे.

शाह के दौरे को लेकर तृणमूल ने किया कटाक्ष : वहीं, अमित शाह के दौरे को लेकर बैरकपुर के सांसद पार्थ भौमिक ने कटाक्ष करते हुए कहा कि बाहरी लोग आते-जाते रहेंगे, इससे तृणमूल कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि जो लोग बंगाल की संस्कृति और परंपरा को नहीं समझते, उनके आने या जाने से राज्य की राजनीति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

सिलीगुड़ी में 31 को भाजपा की संगठनात्मक बैठक करेंगे शाह

विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 31 जनवरी को उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी दौरे पर जायेंगे. इस दौरान वह भाजपा पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक भी करेंगे. बताया गया है कि यह बैठक दोपहर तीन बजे बागडोगरा स्थित गोसाईपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी मैदान में आयोजित की जायेगी. बैठक में उत्तर बंगाल के तीन प्रशासनिक जिलों और दो संगठनात्मक जिलों के भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे. दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार जिलों से पार्टी के सभी स्तर के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य रखी गयी है.

भाजपा सूत्रों के अनुसार, बूथ अध्यक्षों से लेकर जिला कमेटी के सदस्यों तक सभी पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे. बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की जायेगी.

केंद्रीय गृह मंत्री संगठनात्मक ढांचे का आकलन करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर तक की चुनावी रणनीति पर स्पष्ट दिशा-निर्देश देंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BIJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >