PM Modi Mera Booth Sabse Majboot: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी सांगठनिक शक्ति को धार देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 14 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘आमार बूथ सबचेये मजबूत’ यानी मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत सीधा संवाद करेंगे. दोपहर 4:30 बजे होने वाले इस वर्चुअल संवाद का उद्देश्य जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में जोश भरना और बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ को अभेद्य बनाना है.
नमो ऐप (NaMo App) बनेगा संवाद का सेतु
भाजपा ने इस कार्यक्रम के लिए पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं और आम जनता के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है. प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से ‘नमो ऐप’ के माध्यम से अपने सुझाव और भविष्य के सपने साझा करने की अपील की है. NaMo App के माध्यम से प्राप्त सुझावों में से सर्वश्रेष्ठ विचार देने वाले कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी से सीधे बातचीत करने और अपनी बात रखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा.
इसे भी पढ़ें : PHOTOS: सिलीगुड़ी में आधी रात को ‘मोदी-मोदी’ की गूंज, रोड शो में बदली पीएम की यात्रा, हुई फूलों की बारिश
आपका स्वर, परिवर्तन की शक्ति
भाजपा के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम केवल एक संवाद नहीं, बल्कि बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन की नींव रखने की कवायद है. पार्टी का मानना है कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही ‘परिवर्तन की शक्ति’ है. पीएम मोदी इस दौरान कार्यकर्ताओं को तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ घर-घर जाकर जनसंपर्क करने और केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाने की रणनीति समझायेंगे.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
PM Modi Mera Booth Sabse Majboot: बूथ स्तर पर घेराबंदी की तैयारी
पश्चिम बंगाल में जिस तरह से ‘बूथ दखल’ और चुनावी हिंसा के आरोप लगते रहे हैं, उसे देखते हुए पीएम मोदी का यह संबोधन काफी अहम माना जा रहा है. प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं को सिखायेंगे कि कैसे विपरीत परिस्थितियों में भी अपने बूथ को सुरक्षित और मजबूत रखना है. बंगाल भाजपा के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में इस डिजिटल संवाद से जुड़ने का आह्वान किया है.
