PM Awas Yojana West Bengal: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में ‘पीएम आवास योजना’ के तहत 50 लाख लाभार्थियों की सूची तैयार करने की घोषणा की है. उन्होंने यह भी कहा कि योजना के तहत बनने वाले नये मकानों का मालिकाना हक महिलाओं के पास होगा.
प्रधानमंत्री ने बंगाल की महिलाओं को दी ‘अन्नपूर्णा योजना’ की गारंटी
बंगाल के चीफ मिनिस्टर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन बंगाल में हर साल ‘अन्नपूर्णा दिवस’ के रूप में मनाया जायेगा, क्योंकि महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना ‘अन्नपूर्णा’ की गारंटी उन्होंने ही दी थी.
हर साल 17 सितंबर को बंगाल में मनेगा ‘अन्नपूर्णा दिवस’
मुख्यमंत्री ने सॉल्टलेक में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा- हर साल 17 सितंबर को ‘अन्नपूर्णा दिवस’ मनाया जायेगा, क्योंकि अन्नपूर्णा योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी थी. हमने इसे महिलाओं के एक बड़े वर्ग के लिए पहले ही लागू कर दिया है.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के जन्मदिन पर बंगाल मनायेगा ‘अन्नपूर्णा दिवस’, शुभेंदु अधिकारी का ऐलान
पीएम आवास के मकानों का मालिकाना हक महिलाओं को : शुभेंदु
शुभेंदु ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में ‘पीएम आवास योजना’ के तहत 50 लाख लाभार्थियों की सूची तैयार करने की घोषणा की है. कार्यक्रम के तहत सभी नये मकानों का मालिकाना हक महिलाओं के पास होगा. पोलोमी घटक, इंदु पुरी और ज्योतिर्मयी सिकदर सहित महिला खेल हस्तियों ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
‘महिलाओं पर अत्याचार की जांच के लिए बनाया आयोग’
मुख्यमंत्री ने कहा- पिछले 4 महीनों में हमने राज्य में महिलाओं पर हुए अत्याचार की घटनाओं की जांच के लिए एक सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया है. शुभेंदु ने कहा कि भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि राज्य में किसी भी महिला पर अत्याचार न हो.
पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के पथ पर बढ़ रहा भारत
शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की महिलाओं से नशा मुक्त बंगाल बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया. इससे पहले, शुभेंदु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है.
शुभेंदु ने पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना की
मुख्यमंत्री ने कहा- आपके अटूट समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व में हमारा देश विकास, प्रगति और गौरव के पथ पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा- मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना करता हूं. आपके कुशल नेतृत्व में भारत और अधिक समृद्ध तथा मजबूत बने.
