एसटीएफ ने दबोचा
प्रतिनिधि, मुंगेर/खड़गपुर.
एसटीएफ जमालपुर की टीम ने मुंगेर जिले के कुख्यात अपराधी कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बीचागांव निवासी पवन मंडल को गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी खड़गपुर से की गयी है. उस पर सरकार ने एक लाख का इनाम भी घोषित कर रखा है. जिस पर मुंगेर जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, जमीन पर कब्जा, हथियार तस्करी को लेकर 25 से अधिक मामले दर्ज हैं. जो पिछले चार साल से फरार चल रहा था. हालांकि स्थानीय पुलिस प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.
बताया जाता है कि जमालपुर एसटीएफ टीम को सूचना मिली कि मुंगेर का अपराधी पवन मंडल पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में छिपा हुआ है. एसटीएफ पुख्ता सूचना होने के कारण पश्चिम बंगाल कूच किया और उक्त स्थान की रैकी की जहां पर पवन मंडल छिपा हुआ था. जब टीम आश्वस्त हो गयी तो शनिवार की रात छापेमारी कर पवन मंडल को गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार रविवार को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर टीम पवन मंडल को लेकर रविवार की देर रात मुंगेर पहुंची. विदित हो कि उसकी गिरफ्तारी के लिए मुंगेर पुलिस की ओर से एक विशेष टीम का भी गठन किया गया था. लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी. लगातार फरार रहने के कारण मुंगेर पुलिस की अनुशंसा पर पहली बार 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था. जो बढ़ते-बढ़ते एक लाख तक पहुंच गयी. वर्तमान समय में पुलिस ने उस पर एक लाख का इनाम घोषित कर रखा है. विदित हो उस पर हत्या, रंगदारी, जमीन पर कब्जा, आर्म्स तस्करी सहित कई अन्य गंभीर कांड कासिम बाजार, मुफस्सिल, कोतवाली, बरियारपुर थाना में 25 से अधिक मामला दर्ज हैं. अकेले कासिम बाजार थाना में उस पर 20 मामला दर्ज हैं.
वर्ष 2022 में वह कोर्ट से जमानत पर रिहा हुआ था. जेल से निकलने के बाद उसने जमीन पर जबरन कब्जा करने की गतिविधि को तेज कर दिया. तीन अगस्त 2022 को पुरानीगंज निवासी यज्ञ नारायण के घर घुसकर जबरन जमीन रजिस्ट्री करने के लिए पवन मंडल ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर मारपीट की थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
