कोलकाता. जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) पत्रकारिता और जनसंचार पढ़ाने का अवसर प्रदान कर रहा है. इसमें योग्य व अनुभवी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. अतिथि संकाय की नियुक्ति जेयू के एडल्ट, कन्ट्यूनिइंग एजुकेशन एंड एक्सटेन्शन विभाग में की जायेगी. नियुक्त किये जाने वाले लोगों को पत्रकारिता व जनसंचार विभाग में स्नातकोत्तर और स्नातकोत्तर डिप्लोमा स्तर पर पढ़ाना होगा. इसके लिए 500 रुपये प्रति घंटा मानदेय दिया जायेगा. जादवपुर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी घोषणा की गयी है. पत्रकारिता से जुड़े शिक्षकों और प्रोफेसरों के लिए यह एक बेहतरीन अवसर है. स्नातकोत्तर स्तर पर पढ़ाने के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर योग्यता आवश्यक है. इसके अलावा, उम्मीदवार को पीएचडी या राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा या राज्य पात्रता परीक्षा (एसइटी) में उत्तीर्ण होना होगा. इस संदर्भ में विभागाध्यक्ष पार्थसारथी चक्रवर्ती ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से होगी. इसके लिए साक्षात्कार चार मार्च को सुबह 11 बजे होगा.
अभ्यर्थियों को उस दिन आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लाने होंगे. जादवपुर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर संबंधित अधिसूचना जारी की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
