कोलकाता बाजी बाजार में ऑपरेशन सिंदूर थीम वाले पटाखों की धूम

कोलकाता के बाजी बाजार में इस बार ऑपरेशन सिंदूर थीम वाले पटाखों की धूम है. व्यापारियों ने बताया कि दिवाली और कालीपूजा को देखते हुए इस बार हेलीकॉप्टर, ड्रोन और गोले के आकार वाले पटाखे बाजार में खूब छाये हुए हैं.

संवाददाता, कोलकाता

कोलकाता के बाजी बाजार में इस बार ऑपरेशन सिंदूर थीम वाले पटाखों की धूम है. व्यापारियों ने बताया कि दिवाली और कालीपूजा को देखते हुए इस बार हेलीकॉप्टर, ड्रोन और गोले के आकार वाले पटाखे बाजार में खूब छाये हुए हैं. दक्षिण भारत के शिवकाशी और दक्षिण 24 परगना जिले के चंपाहाटी एवं नुंगी के पटाखा निर्माताओं ने रणनीतिक नामकरण और सैन्य डिजाइन वाले खास पटाखे बनाये हैं, जो आतिशबाजी के बाद आसमान में अलग ही समा बांध देंगे. टाला पार्क में नॉर्थ डिविजन बाजी बाजार के अध्यक्ष मिलन दत्ता ने बताया, ‘‘हेलीकॉप्टर और ड्रोन के आकार के पटाखे, मिसाइल जैसे गोले, राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों को अपने पंखों में उकेरे मोर इस साल के नये आविष्कार हैं और हर ग्राहक पारंपरिक वस्तुओं जैसे फुलझड़ियां, रॉकेट आदि के साथ-साथ इन उत्पादों को खरीदने में भी काफी रुचि दिखा रहा है.’’ दत्ता की बातों से सहमति जताते हुए पटाखा निर्माताओं की शीर्ष संस्था पश्चिम बंग आतिशबाजी उन्नयन समिति के सचिव बाबला रॉय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर थीम वाले पटाखों की मांग जोरों पर है. जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत नियंत्रण रेखा के पार और पाकिस्तान के भीतर आतंकी ढांचों पर सटीक हमले किये थे. दत्ता ने दावा किया कि सभी पटाखे राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) के मानकों का पालन करते हैं. उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर से जब बाजी बाजार खुला तो उनके पटाखे के स्टॉल पर हर दिन 40,000 से 50,000 रुपये की बिक्री हुई. उनके स्टॉल पर लगभग 250 प्रकार के पटाखे उपलब्ध हैं, जिनकी कीमतें 200 रुपये से 3,000 रुपये तक हैं. उन्होंने कहा, हेलीकॉप्टर, ड्रैगनफ्लाई धूमकेतु, मोर, शंख को युवा ग्राहक खूब पसंद कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि कालीपूजा और दिवाली के दिन पटाखों की बिक्री और बढ़ जायेगी.’’

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >