भाजपा की ब्रिगेड रैली में गरजे पीएम मोदी, कहा- राज्य में अब परिवर्तन के तूफान को नहीं रोक पायेगी निर्मम तृणमूल सरकार

ब्रिगेड की जनसभा में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते शमिक भट्टाचार्य, शुभेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार और शांतनु ठाकुर.

बोले प्रधानमंत्री : सबका साथ, सबका विकास के साथ ‘सबका हिसाब’ भी होगा, कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

संवाददाता, कोलकाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की परिवर्तन यात्राओं के समापन के मौके पर शनिवार को शहर के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. राज्य के हर हिस्से में शुरू हुए परिवर्तन के तूफान को अब यहां की निर्मम तृणमूल सरकार रोक नहीं पायेगी.

गौरतलब है कि एक मार्च से भाजपा की ओर से राज्यभर में परिवर्तन यात्राओं का आयोजन किया गया. सभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में जहां भी नजर जा रही है, वहां लोगों की भारी भीड़ दिखायी दे रही है और यह दृश्य अद्भुत है. मोदी ने राज्य सरकार को निर्मम सरकार बताते हुए कहा कि अब बंगाल में बदलाव का समय आ गया है और यहां का महाजंगलराज खत्म होगा.

उन्होंने कहा कि हाल ही में तृणमूल नेताओं ने भाजपा समर्थकों को चोर कहा, लेकिन बंगाल की जनता जानती है कि असली चोर कौन है. मोदी ने कहा कि बंगाल में सबका साथ, सबका विकास के साथ-साथ सबका हिसाब भी किया जायेगा. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जो भी कानून तोड़ेगा, उसे खोज-खोज कर कार्रवाई की जायेगी. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य में डर और असुरक्षा का माहौल बना दिया गया है और तृणमूल सरकार के जाने के बाद हर चीज का हिसाब लिया जायेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं और राजनीतिक विरोधियों को डराने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि डराना-धमकाना ही तृणमूल की राजनीति बन गयी है. पीएम मोदी ने कहा कि तृणमूल के कुछ नेता यह कहते हैं कि जो तृणमूल को वोट नहीं देते, वह बंगाली नहीं हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद विकास भी होगा और साथ ही भ्रष्टाचार और अपराध से जुड़े मामलों का पूरा हिसाब भी लिया जायेगा. जो लोग आम लोगों को डराते हैं और अपराध करते हैं, उनके लिए कानून के तहत कार्रवाई होगी. यहां सिर्फ कानून का शासन होगा और अपराधियों की जगह सिर्फ जेल होगी.

मोदी ने कहा कि घुसपैठियों के अपने वोट बैंक को बचाने के लिए तृणमूल कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया का विरोध कर रही है. उन्होंने दावा किया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में बड़े पैमाने पर घुसपैठ की वजह से कई क्षेत्रों की जनसांख्यिकी बदल गयी है. प्रधानमंत्री ने सत्तारूढ़ पार्टी पर आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है.

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के अपमान की घटना पर निशाना साधते हुए कहा कि तृणमूल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान करके सारी हदें पार कर दी हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल ने न केवल राष्ट्रपति का अपमान किया है, बल्कि उसने देश के आदिवासियों, जनता और संविधान का भी अपमान किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >