भाजपा ने ममता बनर्जी पर एसआइआर को लेकर दंगे भड़काने की धमकी देने का आरोप लगाया

संबित पात्रा बोले : मुख्यमंत्री खुद को संविधान से ऊपर समझती हैं

संबित पात्रा बोले : मुख्यमंत्री खुद को संविधान से ऊपर समझती हैं कोलकाता.भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है. पार्टी ने उन पर दंगे भड़काने की धमकी देने का आरोप लगाया है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि ममता बनर्जी ने जिस तरह निर्वाचन आयोग की एसआइआर प्रक्रिया पर टिप्पणी की है, वह चौंकाने वाली और गंभीर चिंता का विषय है. गौरतलब है कि एक दिन पहले ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि निर्वाचन आयोग के अधिकारी राज्य सरकार के अधिकारियों को धमका रहे हैं और विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही राजनीतिक प्रभाव में काम कर रहे हैं. उन्होंने चेताया था कि भाजपा मतदाता सूची के एसआइआर के नाम पर आग से खेल रही है और मतदाता सूची में किसी भी तरह की छेड़छाड़ लोकतंत्र के साथ विश्वासघात के समान होगी. डॉ पात्रा ने कहा, “ममता बनर्जी ने कहा कि यदि एसआइआर किया गया, तो बंगाल में दंगे होंगे और भयावह परिणाम होंगे. इसका अर्थ है कि वह संविधान की प्रक्रिया को रोकने के लिए दंगों की धमकी दे रही हैं.” भाजपा प्रवक्ता ने ममता बनर्जी की टिप्पणी को ‘गैरजिम्मेदाराना’ बताते हुए सवाल किया कि “क्या मुख्यमंत्री खुद को भारत के संविधान से ऊपर समझती हैं?” उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के वोटों के लिए कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी, यह आपका अहंकार है कि आप खुद को संविधान और न्यायिक व्यवस्था से ऊपर समझती हैं. याद रखिये, आप बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान से बड़ी नहीं हो सकतीं. चाहे आप कितनी भी बार मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री क्यों न बन जायें.” पात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और अन्य नेताओं पर हमले करवा कर राज्य में दंगा भड़काने की साजिश की है. उन्होंने कहा, “आपने दंगा शुरू किया है, लेकिन भाजपा इसे लोकतांत्रिक तरीके से रोकने का संकल्प लेती है. तृणमूल हारेगी और भाजपा आगामी चुनावों में जीतेगी.”

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sandip tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >