हासनाबाद स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

10 झोपड़ियां जलकर खाक बशीरहाट. उत्तर 24 परगना जिले के हासनाबाद स्टेशन के समीप एक झुग्गी बस्ती में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गयी. इस घटना में 10 झोपड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गयीं. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ. प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाकी नगरपालिका के 14 नंबर वार्ड अंतर्गत उक्त इलाके में देर रात सबसे पहले एक झोपड़ी में आग लगी, जो कुछ ही देर में आसपास की अन्य झोपड़ियों में फैल गयी. आग की लपटें देख इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. शोरगुल सुनकर लोगों की नींद खुली और अधिकांश लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आये. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गयी, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गयी. घटना की सूचना मिलते ही हासनाबाद थाने की पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. झुग्गियों में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, आग में घरों का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और 10 झोपड़ियां जलकर खाक हो गयीं. वहीं दमकल विभाग ने इन आरोपों को खारिज किया है. पुलिस के अनुसार, आग में चार-पांच घरों का फर्नीचर, नकदी और जरूरी दस्तावेज जल गये हैं. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >