कोलकाता से श्रीकांत शर्मा की रिपोर्ट
महानगर से देश के चार बड़े शहरों के लिए बस सेवा शुरू की गयी है. एक प्राइवेट कंपनी अपनी लग्जरी और बेहद आरामदायक बसों से इस सेवा की शुरुआत की है. बुधवार को करुणामयी बस टर्मिनस से इस नयी बस सेवा का शुभारंभ परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने संयुक्त रूप से किया. कोलकाता से दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई और पुरी के लिए निजी वोल्वो स्पेशल बसों की सेवा शुरू की गयी है. एक निजी कंपनी द्वारा संचालित यह बस सर्विस हफ्ते के सातों दिन उपलब्ध होगी.
बस में मिलेंगी ये सुविधाएं
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों परिवहन मंत्री ने बस परिवहन क्षेत्र में निजी कंपनी को निमंत्रित करते हुए इसके लिए लाइसेंस सेवा सरल करने की बात कही थी. इन वोल्वो लग्जरी बसों में यात्रियों के आरामदायक सफर के लिए कई मॉडर्न सुविधाएं हैं. बायो-टॉयलेट, हर सीट पर तकिया और चादर, पर्सनल टीवी स्क्रीन के साथ ओटीटी सेवा उपलब्ध होगी. इसके साथ ही बस में स्नैक्स, पीने का पानी, चाय और कॉफी की सुविधा होगी.
किस शहर के लिए कितना किराया
- कोलकाता से दिल्ली (17 घंटा) किराया 2500 से 3000 रुपये
- कोलकाता-बेंगलुरु (यात्रा समय 35 घंटे) किराया 4500 रुपये
- कोलकाता-चेन्नई (यात्रा समय 24 घंटे) किराया 4700 रुपये
- कोलकाता-पुरी (यात्रा समय आठ घंटे) किराया 1500-2000 रुपये
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सरकारी बसों से पूरी सर्विस देना मुमकिन नहीं
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के हर क्षेत्र में विकास करने को इच्छुक है. परिवहन क्षेत्र को अत्याधुनिक किया जा रहा है, लेकिन सिर्फ सरकारी बसों से पूरी सर्विस देना मुमकिन नहीं है. ऐसे में पीपीपी मॉडल का भी राज्य में स्वागत किया जा रहा है. लाइसेंस और परमिट लेने के प्रोसेस को आसान बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
