Kolkata Street Foods: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता अपनी समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक इमारतों और फुटबॉल के प्रति दीवानगी के लिए मशहूर है. यहां का स्ट्रीट फूड (Street Food) इसे दुनिया के अन्य शहरों से अलग बनाता है. कोलकाता की गलियों में मिलने वाले व्यंजनों का स्वाद केवल पेट नहीं भरता, बल्कि आत्मा को तृप्त कर देता है.
स्ट्रीट फूड्स के आनंद के बिना अधूरी है कोलकाता की यात्रा
‘सिटी ऑफ जॉय’ की यात्रा पर आने वाले पर्यटकों के लिए यहां का खान-पान किसी उत्सव से कम नहीं है. सस्ती कीमत और लाजवाब स्वाद का ऐसा संगम शायद ही कहीं और मिले. आइए, जानते हैं उन 5 शानदार व्यंजनों के बारे में, जिन्हें चखे बिना कोलकाता की यात्रा अधूरी है.
- काठी रोल (Kathi Roll): कोलकाता की असली पहचान
दुनिया भर में मशहूर ‘काठी रोल’ का जन्म इसी शहर में हुआ. न्यू मार्केट स्थित निजाम्स (Nizam’s) से शुरू हुआ यह सफर आज हर गली-नुक्कड़ तक पहुंच चुका है.
खासियत : कुरकुरे परांठे के अंदर रसीले कबाब, प्याज, नींबू और मसालों का ऐसा मेल होता है कि एक से आपका मन नहीं भरेगा.
जरूर आजमाएं : चिकन, मटन या पनीर काठी रोल.
- पुचका (Phuchka): गोलगप्पों का ‘बाप’
इसे उत्तर भारत में गोलगप्पा और पश्चिम में पानी-पूरी कहते हैं, लेकिन कोलकाता का ‘पुचका’ अपनी एक अलग पहचान रखता है.
स्वाद का जादू : इसमें मसले हुए उबले आलू, काले चने और तीखे-खट्टे इमली के पानी का इस्तेमाल होता है.
क्यों है अलग : यहां का पुचका आटे से नहीं, बल्कि सूजी और आटे के खास मिश्रण से बना होता है, जो इसे ज्यादा कुरकुरा बनाता है. विवेकानंद पार्क या वरदान मार्केट के पुचके सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं.
- झालमुड़ी (Jhalmuri): हल्का नाश्ता, भारी स्वाद
कोलकाता के लोगों का सबसे पसंदीदा ‘टी-टाइम स्नैक’ झालमुड़ी है. यह मुरमुरे (मुड़ी), मूंगफली, बारीक कटे प्याज, उबले आलू और खास सरसों के तेल के साथ तैयार किया जाता है. बंगाल चुनाव 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारग्राम की एक दुकान में झालमुड़ी खाकर इसे वर्ल्ड फेमस कर दिया.
झाल का तड़का : इसमें पड़ने वाला ‘झाल’ यानी तीखा मसाला और नारियल के छोटे टुकड़े इसके स्वाद को दोगुना कर देते हैं. कोलकाता की गली-गली में मिलने वाला झालमुड़ी मशहूर पार्क स्ट्रीट से लेकर किसी भी रेलवे स्टेशन के बाहर आपको मिल जायेगा.
- मुगलाई परांठा (Mughlai Paratha): नवाबी जायका
नवाबी दौर की याद दिलाने वाला यह परांठा आज भी कोलकाता की शान है. यह डीप-फ्राइड परांठा होता है, जिसके अंदर अंडे और कीमे की फिलिंग होती है.
परफेक्ट कॉम्बो : इसे आमतौर पर सूखे आलू की सब्जी (आलू दम) और सलाद के साथ परोसा जाता है. यह इतना हैवी होता है कि एक परांठा आपके लंच की कमी पूरी कर सकता है.
- रसगुल्ला और मिष्टी दोई (Rosogolla & Mishti Doi): मीठा समापन
कोलकाता की बात हो और मीठे का जिक्र न हो, यह नामुमकिन है. रसगुल्ले की कई वैरायटी यहां मिलती है.
स्पंजी रसगुल्ला : यहां के सफेद, स्पंजी रसगुल्ले मुंह में जाते ही घुल जाते हैं.
मिष्टी दोई : मिट्टी के बर्तन (भांड़) में जमी गाढ़ी मीठी दही का स्वाद आपको बार-बार यहां आने पर मजबूर कर देगा.
इसे भी पढ़ें
PHOTOS: झारग्राम में सड़क किनारे दुकान में झालमुड़ी खाने पहुंचे पीएम मोदी, जीता लोगों का दिल
