नये परिसीमन पर हो सकता है कोलकाता नगर निगम का चुनाव, शुभेंदु अधिकारी ने दिये संकेत

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि कोलकाता नगर निगम के वार्डों में मतदाताओं व बूथों की संख्या में बड़ा असंतुलन है. ऐसे में अब कहा जा रहा है कि नगर निगम का चुनाव नये परिसीमन पर हो सकता है. सर्वदलीय बैठक के बाद राज्य चुनाव आयोग को यह प्रस्ताव भेजा जायेगा.

कोलकाता से शिवकुमार राउत की रिपोर्ट

Suvendu Adhikari: कोलकाता नगर निगम का चुनाव इस वर्ष दिसंबर में कराये जाने की संभावना के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शहर में परिसीमन की आवश्यकता पर जोर दिया है. उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव से पहले राज्य सरकार इस दिशा में पहल कर सकती है. सोमवार को निगम में आयोजित एक उद्घाटन समारोह के बाद संवाददाता सम्मेलन में सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि निगम की बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए परिसीमन आवश्यक हो गया है. निगम क्षेत्र में जनसंख्या और मतदाताओं का वितरण असंतुलित है, जिससे प्रशासनिक और चुनावी प्रबंधन प्रभावित होता है.

मतदाताओं का वितरण असंतुलित

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वार्डों में मतदाताओं की संख्या 50 हजार से अधिक है, जबकि कुछ वार्डों में यह संख्या मात्र आठ से 12 हजार के बीच है. इसी तरह कहीं 50 मतदान केंद्र (बूथ) हैं, तो कहीं केवल 15 से 18 बूथ ही हैं. ऐसे में वार्डों का पुनर्गठन समय की आवश्यकता बन गया है. उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया के लिए राज्य सरकार पहले राज्य चुनाव आयोग को प्रस्ताव भेजेगी. इसके बाद राज्य चुनाव आयोग आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेगा. मुख्यमंत्री के अनुसार, परिसीमन से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जायेगी और भूमि एवं भूमि सुधार विभाग सहित संबंधित अधिकारियों की राय भी ली जायेगी. सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जायेगा.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

कोलकाता नगर निगम में कुल 144 वार्ड हैं

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह स्वयं भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं और अपने अनुभव के आधार पर महसूस करते हैं कि कोलकाता में परिसीमन जरूरी है. बता दें कि शुभेंदु कोलकाता नगर निगम मुख्यालय का दौरा करने वाले राज्य के पहले मुख्यमंत्री हैं. दौरे के दौरान उन्होंने निगम के कामकाज और विभिन्न प्रशासनिक विषयों की समीक्षा की. गौरतलब है कि वर्तमान में कोलकाता नगर निगम में 144 वार्ड हैं. परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्डों की संख्या में वृद्धि की संभावना जतायी जा रही है.

Also Read: फिरहाद हकीम की ऋतब्रत बनर्जी से हुई मुलाकात, बंगाल में बढ़ीं सियासी अटकलें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >