Table of Contents
Humayun Kabir Bangladesh Funding Allegation: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने के लिए बांग्लादेश से पैसे मिले हैं. पश्चिम बंगाल के लीडर ऑफ ऑपोजीशन ने कहा कि मस्जिद बनाने के लिए जो पैसे मिले हैं, उसमें से आधे बांग्लादेश से आये हैं. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को डोनर्स की लिस्ट पब्लिक करनी चाहिए.
तृणमूल कांग्रेस की मदद कर रहे हुमायूं कबीर – अधिकारी
शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि हुमायूं कबीर पिछले साल 28 सितंबर को एक सप्ताह के लिए धन की व्यवस्था करने बांग्लादेश गये थे. नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि कबीर ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में मस्जिद के लिए बड़ी रकम बांग्लादेशी दानदाताओं से जुटायी है. उन्होंने कहा कि ये पैसे जमात जैसे संगठनों से मिले हैं. भाजपा नेता ने दावा किया कि वह (कबीर) अल्पसंख्यकों के बीच बन रहे ममता बनर्जी विरोधी माहौल को रोकने के लिए तृणमूल कांग्रेस की गुपचुप तरीके से मदद कर रहे हैं.
कबीर को जमात और तृणमूल के बीच की कड़ी बताया
शुभेंदु अधिकारी ने हुमायूं कबीर को बांग्लादेश की जमात और पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस के बीच की कड़ी बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस्लामी कट्टरपंथी भारत और बांग्लादेश की सीमा के दोनों ओर अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं. बंगाली हिंदुओं के लिए स्थिति चिंताजनक है.
शुभेंदु अधिकारी ने खो दिया है मानसिक संतुलन – कबीर
तृणमूल से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर ने शुभेंदु अधिकारी के इस दावे पर पलटवार किया. कबीर ने दावा किया कि शुभेंदु अधिकारी ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है. उनके बेतुके दावों से यह स्पष्ट हो गया है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मालदा होते हुए भारत लौटा – हुमायूं कबीर
हुमायूं कबीर ने अपनी बांग्लादेश यात्रा पर कहा- मेरी यात्रा का पूरा ब्योरा खुली किताब की तरह है. मैं 10 अक्टूबर की शाम 5 बजे मालदा होते हुए भारत लौटा हूं. अगर शुभेंदु अधिकारी चाहें, तो मैं उन्हें अपनी पूरी यात्रा का कार्यक्रम भेज सकता हूं. कबीर ने कहा- मैं सोच भी नहीं सकता कि कोई इतना नीच काम कर सकता है. बांग्लादेश की मेरी यात्रा को बाबरी मस्जिद के वित्तपोषण से जोड़ सकता है.
शुभेंदु अधिकारी ने की है सीबीआई-ईडी जांच की मांग
हुमायूं कबीर ने कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए पूरे भारत के लोगों ने उदारतापूर्वक दान दिया है. सब कुछ पारदर्शी है. कबीर ने कहा कि वह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात करने बांग्लादेश गये थे. शुभेंदु अधिकारी को मस्जिद के लिए धन के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ बांग्लादेश की मेरी यात्रा की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच की मांग करनी चाहिए. बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर 6 दिसंबर 2025 को कबीर ने इस मस्जिद की नींव रखी थी.
इसे भी पढ़ें
बंगाल में बने रहे नये राजनीतिक समीकरण, हुमायूं कबीर से मिले माकपा नेता सलीम
खिदिरपुर में हुमायूं कबीर का विरोध, पोस्ट को लेकर बढ़ा सियासी तनाव
