एचएस परीक्षा तीन मार्च से, मेटल डिटेक्टर से होगी परीक्षार्थियों की जांच

एचएस परीक्षा तीन मार्च से, मेटल डिटेक्टर से होगी परीक्षार्थियों की जांच

कोलकाता. राज्य उच्च माध्यमिक शिक्षा पर्षद ने परीक्षा केंद्र पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि परीक्षा के दौरान उन्हें परीक्षार्थियों पर कड़ी निगरानी रखनी होगी. मेटल डिटेक्टर का सख्ती से उपयोग करें, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्रों में मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने से रोका जा सके. एचएस की परीक्षा तीन मार्च से शुरु होगी और 18 मार्च तक चलेगी. काउंसिल के अध्यक्ष डॉ चिरंजीव भट्टाचार्य ने केंद्र सचिव से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक मेटल डिटेक्टर वितरित करने को कहा है. काउंसिल की ओर से पिछले वर्ष तक केवल संवेदनशील केंद्रों में ही हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर का उपयोग किया जाता था. इस साल काउंसिल ने सभी 2,100 परीक्षा केंद्रों में मेटल डिटेक्टर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. काउंसिल ने जारी एक नोटिस में कहा है कि पर्यवेक्षकों को सलाह दी जाती है कि वे तलाशी के लिए मेटल डिटेक्टर का सख्ती से उपयोग करें और परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण ले जाने से रोकें. ध्यान रहे, हाल ही में संपन्न माध्यमिक परीक्षा में अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच नहीं की गयी थी, जिससे पूरी परीक्षा के दौरान 19 छात्र मोबाइल फोन और एक छात्र स्मार्टवॉच के साथ पकड़ा गया. कुल 20 परीक्षार्थियों को माध्यमिक परीक्षा से बाहर कर दिया गया. इससे सबक लेते हुए काउंसिल ने कक्षा 12 की परीक्षाओं को लिए बहुत पहले ही मजबूत सुरक्षा व्यवस्था कर ली. काउंसिल की सचिव प्रियदर्शिनी मलिक ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि परीक्षा स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से आयोजित हो, जिससे कोई भी परीक्षार्थी अनुशासनहीनता या मोबाइल ले जाने की गलती न कर सके. ध्यान रहे, शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने पिछले साल एक मार्च को कहा था कि वह चाहते हैं कि 2025 से अधिक उच्च माध्यमिक परीक्षा केंद्रों पर हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टरों का इस्तेमाल किया जाये, ताकि छात्रों को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के साथ परिसर में प्रवेश करने से रोका जा सके. मंत्री ने यह बात तब कही जब परिषद ने मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने के आरोप में 41 अभ्यर्थियों की हाई स्कूल परीक्षा रद्द कर दी. काउंसिल के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य भर में 2,341 परीक्षा केंद्रों में से पिछले वर्ष केवल 176 संवेदनशील केंद्रों को ही मेटल डिटेक्टर उपलब्ध कराये गये थे. इसका मतलब यह हुआ कि अधिकांश केंद्रों पर उचित स्कैनिंग की व्यवस्था नहीं थी. नोटिस में कहा गया है कि परिषद 27 फरवरी को वितरण केंद्रों पर केंद्रवार मेटल डिटेक्टर और केंद्र सचिव व केंद्र प्रभारी के लिए आईडी कार्ड वितरित करेगी. नोटिस में केंद्र सचिवों से अनुरोध किया गया है कि वे उसी वितरण केंद्र पर एचएस परीक्षा पूरी होने के 10 दिनों के भीतर मेटल डिटेक्टर वापस कर दें. नोटिस में मेटल डिटेक्टरों के वितरण केंद्रों की सूची संलग्न की है. काउंसिल के एक अधिकारी ने कहा कि इन सभी सावधानियों के बावजूद अगर कोई परीक्षार्थी परीक्षा स्थल, परीक्षा हॉल में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु के साथ पकड़ा गया, तो उसकी पूरी परीक्षा रद्द कर दी जायेगी. काउंसिल बार-बार इसके प्रति आगाह कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >