पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के बेलिया इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब सरकारी यात्री बस के चालक ने अचानक सामने आये बाइक सवार को बचाने की कोशिश की. चालक की सूझबूझ से बाइक सवार की जान बच गयी, लेकिन बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दलदली जमीन (जल क्षेत्र) में उतर गयी. इस दुर्घटना में बस में सवार कई यात्री घायल हो गये.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सरकारी यात्री बस झाड़ग्राम से धेडुवां मार्ग होते हुए मेदिनीपुर की ओर आ रही थी. जैसे ही बस बेलिया इलाके के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अचानक बस के सामने आ गयी.
बाइक सवार को टक्कर से बचाने के लिए चालक ने तुरंत बस को दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क छोड़कर किनारे स्थित जल क्षेत्र में उतर गयी. हादसे में कई यात्रियों को चोटें आयीं. स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
पांच यात्रियों को तत्काल देपाड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया. चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आयी है.
घटना की सूचना मिलते ही गुड़गुड़िपाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की व्यवस्था की और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा.
हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से जल्द ही यातायात सामान्य कर दिया गया. पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार से सामने आये बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ. चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया.
