हल्दिया से अमित शर्मा की रिपोर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव और पूर्णिमा के ज्वार के कारण दीघा का समुद्र उफान पर है. समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और लगातार बारिश व तेज हवाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. प्रशासन ने पर्यटकों और मछुआरों के लिए विशेष सतर्कता जारी की है. मंगलवार सुबह से ही दीघा का आसमान घने बादलों से ढका रहा. बुधवार को भी लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण समुद्र की लहरें सामान्य से कहीं अधिक ऊंचाई तक उठती देखी गयीं.
अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था
समुद्र की खतरनाक स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाये हैं. दीघा पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस के कर्मियों ने समुद्र तटों पर लगातार माइकिंग कर लोगों से समुद्र में नहीं उतरने की अपील की. न्यू दीघा, ओल्ड दीघा और अन्य संवेदनशील तटीय इलाकों में अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था की गयी है. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अगले आदेश तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह
दूसरी ओर समुद्र के अत्यधिक उफान पर होने के कारण मछुआरों को भी अगले आदेश तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी नाव या ट्रॉलर को समुद्र में नहीं उतारा जायेगा. अधिकांश मछुआरे सुरक्षित रूप से तट पर लौट आये हैं और ट्रॉलर घाटों पर खड़े कर दिये गये हैं.
Also Read: पश्चिम बंगाल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, खड़गपुर-केशियारी हाइवे जलमग्न, आवाजाही ठप
