पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस के निर्देश पर मोहनपुर थाना की ओर से मोहनपुर उषा शशि बालिका विद्यालय में साइबर जागरूकता और बाल विवाह रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देना और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाना था.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेलदा महकमा पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आनंद मंडल उपस्थित रहे. उनके साथ मोहनपुर थाना प्रभारी (आइसी) प्रदीप पाल, सेकेंड ऑफिसर रजत अली, थाना के अन्य पुलिस अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे.
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी. अधिकारियों ने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें. साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील भी की गयी.
इस दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी चर्चा की गयी. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध होने के साथ-साथ बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है. उन्होंने छात्राओं से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें.
कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. छात्राओं ने साइबर सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया.
अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के उद्देश्य से पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस की ओर से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे.
