श्रीरामपुर से सेवड़ाफुली तक आयोजित होनेवाले प्रमुख पूजा पंडालों का प्रशासनिक अधिकारियों ने किया दौरा हुगली. चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर अमित पी जवालगी ने दुर्गापूजा के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की. उन्होंने बुधवार को पुलिस के उच्चाधिकारियों के साथ श्रीरामपुर से सेवड़ाफुली तक आयोजित होनेवाले प्रमुख पूजा मंडपों का दौरा किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उनके साथ श्रीरामपुर जोन के डीसीपी अर्णब विश्वास, एसीपी-दो शुभंकर विश्वास, श्रीरामपुर थाना प्रभारी सुखमय चक्रबर्ती, रिसड़ा थाना प्रभारी संजय सरकार समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे. कमिश्नर जवालगी ने विभिन्न पूजा समितियों के आयोजकों से मुलाकात की और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की. उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि दर्शनार्थियों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित किया जाये. एंट्री और निकासी पॉइंट्स की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में कोई बाधा न उत्पन्न हो. पूजा आयोजकों को हरसंभव मदद देगी पुलिस : पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस पूजा आयोजकों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी. पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. असामाजिक तत्वों और मनचलों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किये जायेंगे, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निबटने में मदद मिलेगी. विशेष निगरानी टीमें रहेंगी तैनात: दुर्गापूजा के दौरान पुलिस द्वारा लगातार सड़कों पर गश्त लगायी जायेगी और विशेष निगरानी टीमें तैनात रहेंगी. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत पुलिस का फोकस यह सुनिश्चित करना होगा कि पूरे जिले में दुर्गापूजा के दौरान शांति बनी रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
