तृणमूल विधायक के काफिले की कार के धक्के से बाइक सवार की मौत

साइंस सिटी के पास मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. तृणमूल कांग्रेस के विधायक शौकत मोल्ला के काफिले की पुलिस पायलट कार और एक बाइक की टक्कर हो गयी.

साइंस सिटी के पास हादसा. पुलिस ने दिये मामले की जांच के निर्देश

संवाददाता, कोलकाता

साइंस सिटी के पास मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. तृणमूल कांग्रेस के विधायक शौकत मोल्ला के काफिले की पुलिस पायलट कार और एक बाइक की टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक चालक मोहम्मद ताजुद्दीन (49) गंभीर रूप से घायल हो गया. तुरंत उसे एसएसकेएम अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया. क्या है घटना : पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विधायक शौकत मोल्ला मंगलवार सुबह दक्षिण 24 परगना जिले के जीवनतला से कोलकाता की ओर जा रहे थे. वह कैनिंग पूर्व से विधायक होने के साथ-साथ पार्टी के भांगड़ के पर्यवेक्षक भी हैं. काफिला जब बामनघाटा इलाके के पास पहुंचा, तो अचानक एक बाइक तेज गति से पायलट कार के सामने आ गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. पायलट कार के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा. टक्कर के बाद स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत घायल बाइक सवार को सड़क से उठा कर पहले भांगड़ नोलमुड़ी अस्पताल ले गये, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे कोलकाता के एसएसकेएम ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. डॉक्टरों ने कई घंटे तक जान बचाने की कोशिश की, लेकिन युवक की मौत हो गयी. पायलट कार का चालक भी हादसे में घायल हो गया. उसका भी इलाज चल रहा है.

लोगों में दिखा भारी रोष

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गये. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर काफिलों की तेज रफ्तार अक्सर खतरा बनती है और पुलिस वाहन कई बार लापरवाही से चलते हैं. लोगों का सवाल है कि जब पायलट कार इतनी सतर्कता बरतती है, तब भी इस तरह की दुर्घटना कैसे हो गयी. मामला दर्ज, जांच शुरू

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. लालबाजार में डीसी ट्रैफिक वाइएस जगन्नाथ राव ने कहा कि पूरे मामले की जांच के निर्देश दिये गये हैं. पुलिस की तरफ से सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >