मूसलाधार बारिश में डुलुंग नदी का रौद्र रूप, पुल को पार करते समय गिरा बाइक सवार, ग्रामीणों ने बचाया

झारग्राम में डुलुंग नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बाइक सवार नदी में गिर गया. स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए युवक की जान बचायी. पढ़ें पूरी खबर.

पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. डुलुंग नदी पर बने जलमग्न कॉजवे को पार करने की कोशिश कर रहे एक मोटरसाइकिल सवार की बाइक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गयी और देखते ही देखते बाइक सहित सवार नदी में जा गिरा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.

ग्रामीणों ने दिखायी बहादुरी, बचायी युवक की जान

आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल साहस और सूझ-बूझ का परिचय देते हुए नदी में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिछले कई दिनों से झाड़ग्राम जिले में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण डुलुंग नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है.

कॉजवे के ऊपर से बह रहा था पानी

नदी के ऊपर बने फेयर वेदर ब्रिज ( कॉजवे ) के ऊपर से तेज गति से पानी बह रहा था. इसके बावजूद मोटरसाइकिल सवार ने कॉजवे पार करने का प्रयास किया. जब वह कॉजवे के बीच हिस्से में पहुंचा, तभी तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित नदी में गिर पड़ा.

युवक को बहता देख दौड़े स्थानीय लोग, बचाया

वहां मौजूद लोगों ने इस घटना को देखा और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. बिना अपनी जान की परवाह किये कुछ लोग नदी में उतर गये और काफी मशक्कत के बाद मोटरसाइकिल सवार को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से नदी में गिरी मोटरसाइकिल को भी बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में बाइक सवार की जान बच गयी और उसे गंभीर चोट नहीं आयी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitesh borkar

Published by: Mithilesh Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >