मुख्य बातें
Bengal News: कोलकाता. बंगाल में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. मतदाता सूची से लोगों के नाम गायब हो रहे हैं. वोटर लिस्ट में नाम कटने से परेशान लोगों के सामने एक नयी चिंता पैदा हो गयी है. नदिया जिले से एक सूचना आ रही है कि वहां कब्रिस्तान से शव गायब हो रहे हैं. शांतिपुर थाना क्षेत्र में कब्रिस्तानों से शव गायब होने की घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी है. हाल के दिनों में शांतिपुर के कई कब्रिस्तानों से शव गायब होने की शिकायतें सामने आयी हैं, जिसके बाद पुलिस प्रशासन, नगरपालिका और सिविल सोसाइटी शांति बनाये रखने के प्रयास में जुटे हैं.
आधी रात को दिखे तीन युवक
इसी बीच शुक्रवार आधी रात को मेलर मठ कब्रिस्तान में तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर घुस आये. उस समय वहां सोसाइटी के गार्ड और शांतिपुर थाने के चार सिविक वॉलंटियर मौजूद थे. संदिग्ध गतिविधि देखकर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए तेज रफ्तार से फरार हो गये. बताया जाता है कि एक युवक ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा भी किया, लेकिन बदमाशों को पकड़ा नहीं जा सका.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस बल तैनात करने की मांग
चश्मदीदों के अनुसार, वे लाल रंग की मॉडिफाइड मोटरसाइकिल पर आये थे. चालक ने ब्लैक शर्ट पहन रखी थी, जबकि एक युवक के हाथ में छोटा बैग या डिब्बा था और पीछे बैठा तीसरा व्यक्ति भारी शरीर का था. इस घटना के बाद आसपास के इलाके में भय का माहौल है. सोसाइटी की ओर से कब्रिस्तान में गार्डों की संख्या बढ़ाई जा रही है. साथ ही प्रशासन से सिविक वॉलंटियर के बजाय नियमित पुलिस बल तैनात करने की मांग की गयी है. शांतिपुर थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
Also Read: अपनी ही बंदूक की गोली से बीएसएफ जवान की मौत, भारत-बांग्लादेश सीमा पर था तैनात
