मुख्य बातें
Dilip Ghosh: कोलकाता. राज्य सरकार में पंचायत मंत्री दिलीप घोष के फिर एक बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है. अब मंत्री दिलीप ने कहा है कि सामान्य ब्लड प्रेशर बनाये रखने में गाय की क्षमता बेजोड़ है. उनके अनुसार गाय को सहलाने से हाई ब्लड प्रेशर कम करने में मदद मिलती है. मंगलवार को पंचायत, पशु संसाधन और कृषि विपणन के राज्य मंत्री ने उत्तर कोलकाता के कंकुरगाछी में चाय पर चर्चा बैठक में हिस्सा लिया. जहां गायों के फायदों पर बोलते हुए भाजपा मंत्री ने टिप्पणी की गाय को सहलाने से ब्लड प्रेशर कम करने में मदद मिल सकती है.
भाजपा नेता पहले भी करते रहे हैं ये दावे
उन्होंने आगे कहा गाय के गलकंबल या उसकी पीठ पर बने कूबड़ को धीरे से सहलाने से ब्लड प्रेशर तेजी से नीचे आता है. कुछ साल पहले, मध्य प्रदेश की पूर्व भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी दिलीप जैसा ही एक दावा किया था. उन्होंने कहा था, गाय की पीठ से गर्दन की ओर मालिश करने से ब्लड प्रेशर की समस्याओं को ठीक करने में मदद मिलती है. मंगलवार को गौमाता पर चर्चा करते हुए, दिलीप ने यह भी दावा किया कि गाय के गोबर में बीमारियों को ठीक करने के गुण होते हैं. अपने ही एक रिश्तेदार का उदाहरण देते हुए, उन्होंने टिप्पणी की शरीर के किसी सूजे हुए हिस्से पर गाय का गोबर लगाने के बाद, वह तकलीफ दूर हो जाती है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
गाय के दूध में होता है सोना
2019 में, दिलीप घोष भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे. तब उन्होंने ने दावा किया था कि गाय के दूध में सोना होता है. उसी साल बर्दवान में एक जनसभा के दौरान, उन्होंने जोर देकर कहा था कि देसी गाय के कूबड़ में एक खास तरह की “सोने की नस” होती है, जिसके जरिए गाय सूरज की रोशनी से सोना बना पाती है. नतीजतन, उन्होंने तर्क दिया देसी गायों के दूध में सोने जैसे तत्व होते हैं या उसका रंग पीलापन लिए होता है. कोरोना महामारी के दौरान दिलीप ने यह भी दावा किया था कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) बढ़ाने में गाय का मूत्र बेजोड़ है. इन टिप्पणियों पर बड़े पैमाने पर चर्चा हुई और विवाद खड़ा हो गया था.
Also Read: बंगाल में ओबीसी आरक्षण में बदलाव, शुभेंदु अधिकारी ने कोटा 17 से घटाकर 7 प्रतिशत किया
