IPS Bushra Bano Transfer: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा की अपनी तैयारी और सफलता की यात्रा पर एक वीडियो बनाने की वजह से विवादों में आयीं 2021 बैच की आईपीएस (IPS) अधिकारी बुशरा बानो का पश्चिम बंगाल सरकार ने तबादला (Transfer) कर दिया है. खड़गपुर की एडिशनल एसपी (Additional SP) के पद पर तैनात बुशरा बानो को अब स्टेट आर्म्ड पुलिस (State Armed Police) में डिप्टी कमांडेंट बना दिया गया है. बुशरा बानो का तबादला उस विवादित वीडियो के वायरल होने और सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के तुरंत बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने धार्मिक और पारंपरिक संबोधन किया था.
वीडियो में क्या था? ‘अस्सलाम अलैकुम’ से शुरुआत और ‘जजाकल्लाह’ पर विवाद
सोशल मीडिया पर 13 सितंबर को पोस्ट किये गये वीडियो में आईपीएस अधिकारी बुशरा बानो ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) की रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी (RCA) द्वारा अपनी यूपीएससी तैयारी में मिली मदद का जिक्र किया था. वीडियो की शुरुआत उन्होंने ‘अस्सलाम अलैकुम’ से की. इसके बाद अपनी यात्रा का विवरण देते हुए ‘इंशाहल्लाह’ कहा और अंत ‘जजाकल्लाह’ शब्द के साथ किया.
सोशल मीडिया पर हुई बुशरा की ट्रॉलिंग
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कई यूजर्स ने इस पर आपत्ति जतायी. यूजर्स ने सवाल उठाया कि एक सेवारत भारतीय पुलिस अधिकारी को वीडियो में ‘जय हिंद’ या ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रीय संबोधनों का उपयोग करना चाहिए था.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में ट्रांसफर-पोस्टिंग, CID के ADG समेत 28 IPS का तबादला
हिंदू लीगल फंड ने गृह सचिव से की शिकायत
विवाद बढ़ने के बाद ‘एक्स’ हैंडल ‘हिंदू लीगल फंड’ (Hindu Legal Fund) ने दावा किया कि उसने पश्चिम बंगाल के गृह सचिव के पास आईपीएस बुशरा बानो के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता पुलिस ने कई थाना प्रभारी, अपर प्रभारी अधिकारियों का तबादला किया
शिकायत में क्या हैं आरोप?
शिकायत में आरोप लगाया गया कि भारतीय राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को सार्वजनिक संवाद में पूरी तरह से तटस्थता बनाये रखनी चाहिए. धार्मिक शब्दावली की बजाय राष्ट्रीय संबोधनों का प्रयोग करना चाहिए.
तबादले पर प्रशासन की सफाई
राज्य सरकार द्वारा जारी ट्रांसफर ऑर्डर में बुशरा बानो के तबादले का कारण नियमित प्रशासनिक फेरबदल बताया गया है. इसमें वायरल वीडियो या सोशल मीडिया पर हुई आलोचना का कोई उल्लेख नहीं किया गया है. बुशरा की जगह पार्थ घोष को खड़गपुर का नया एडिशनल एसपी नियुक्त किया गया है. शुभेंदु मंडल को चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ADC) बना दिया गया है.
