मुख्य बातें
Bengal Elections: बशीरहाट. दूसरे चरण के चुनाव से पूर्व उत्तर 24 परगना के हाबरा क्षेत्र के पृथिवा ग्राम पंचायत के दक्षिण सराय गांव में सोमवार सुबह एक स्कूल के गेट के पास से आठ बम बरामद हुए. जानकारी के मुताबिक, सुबह स्थानीय लोगों ने दक्षिण सराय निम्न बुनियादी विद्यालय के मुख्य गेट के सामने 8 ताजा सॉकेट बम पड़े देखे. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. यह स्कूल हाबरा विधानसभा क्षेत्र के 40 और 43 नंबर बूथ का मतदान केंद्र है.
इलाके को घेरकर जांच शुरू
सूचना मिलते ही हाबरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. इलाके को घेरकर जांच शुरू की. घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया. स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य जाकिर हुसैन ने आरोप लगाया कि इलाके में तनाव फैलाने के लिए भाजपा ने यह काम किया है. वहीं भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है. बरामद बमों को निष्क्रिय करने के लिए जब्त कर ले जाया गया है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भांगड़ में विस्फोट के आरोपी को एनआइए की हिरासत
दूसरी ओर, दक्षिण 24 परगना के भांगड़ के दक्षिण बामुनिया में हुए बम विस्फोट के एक मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआइए) ने गत रविवार को अहीदुल इस्लाम नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. सोमवार को आरोपी को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे 30 अप्रैल तक एनआइए की हिरासत में रखे जाने का निर्देश दिया गया. विस्फोट की घटना गत 23 मार्च को हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गये थे. एनआइए इस्लाम को घटना का मुख्य आरोपी मान रही है. फिलहाल, आरोपी से पूछताछ कर एनआइए के अधिकारी मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.
Also Read: बंगाल में मतदान पूर्व हिंसा जारी, हालीशहर में तृणमूल कार्यकर्ता पर फायरिंग
