West Bengal By Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए आम जनता उन्नयन पार्टी (JUP) और कांग्रेस के बाद अब लेफ्ट (वामफ्रंट) ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. वामदलों ने मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट से एडवोकेट सईद को उम्मीदवार बनाया है. शांति गोपाल गिरि नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. एडवोकेट सईद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार हैं और शांति गोपाल गिरि को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने अपना प्रत्याशी मनोनीत किया है.
रेजीनगर से अब्दुल्लाहिल कैफी और नंदीग्राम से मिलन प्रधान कांग्रेस प्रत्याशी
वामफ्रंट से पहले कांग्रेस पार्टी ने इन दोनों सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी. कांग्रेस पार्टी ने मोहम्मद अब्दुल्लाहिल कैफी को रेजीनगर और मिलन प्रधान को नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनाव के मैदान में उतारा है.
रेजीनगर से चुनाव लड़ रहे हुमायूं के बेटे गुलाम नबी
रेजीनगर विधानसभा सीट से आम जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) के नेता और पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रहे हुमायूं कबीर ने अपने बेटे गुलाम नबी को उम्मीदवार बनाया है. रेजीनगर विधानसभा सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे की वजह से खाली हुई. बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मुर्शिदाबाद जिले में मस्जिद का निर्माण करके चर्चा में आये थे. स्टिंग ऑपरेशन के बावजूद उन्होंने नोदा (Naoda Assembly Seat) और रेजीनगर (Rejinagar Assembly Seat) दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी. बाद में उन्होंने रेजीनगर सीट छोड़ दी.
ये भी पढ़ें: बंगाल विधानसभा उपचुनाव : नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर 6 अक्टूबर को वोट, 9 को आयेगा रिजल्ट
मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु ने छोड़ी नंदीग्राम सीट
पूर्व मेदिनीपुर की नंदीग्राम विधानसभा सीट (Nandigram Vidhan Sabha Seat) पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के रूप में शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट (Bhabanipur Assembly Seat) भी जीती थी. बाद में उन्होंने भवानीपुर के विधायक के रूप में विधानसभा की सदस्यता की शपथ ली और नंदीग्राम सीट खाली कर दी.
6 अक्टूबर को वोटिंग और 9 को काउंटिंग
अब इन दोनों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है. चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. 6 अक्टूबर को इन दोनों सीटों पर वोटिंग (Bengal By Election Date) होगी. 9 अक्टूबर को मतगणना (Bengal By Election Counting Date) होगी. चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है. अब तक 2 नामांकन पत्र दाखिल किये गये हैं. दोनों नॉमिनेशन हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी ने दाखिल की है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की राजनीति का ऐतिहासिक री-सेट, जानें कैसे भाजपा ने भेद डाला पूर्वी भारत का सबसे बड़ा किला
नंदीग्राम से अखिल गिरि को टिकट दे सकती हैं ममता
इधर, चर्चा है कि बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी अपनी सरकार में मंत्री रहे अखिल गिरि को नंदीग्राम (Nandigram Assembly By Election 2026) से टिकट दे सकती है. गिरि को बंगाल चुनाव 2026 में रामनगर सीट पर भाजपा के डॉ चंद्रशेखर मंडल ने पराजित कर दिया था. नंदीग्राम से पवित्र कर ने टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और वह शुभेंदु अधिकारी से हार गये थे. ममता बनर्जी की टीएमसी ने बंगाल में 2 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए अब तक आधिकारिक रूप से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है.
भाजपा अब तक तय नहीं कर पायी उम्मीदवार
पहली बार बंगाल की सत्ता पर पूर्ण बहुमत के साथ काबिज होने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी तृणमूल कांग्रेस की तरह उपचुनाव (West Bengal Bypoll Election 2026) के लिए अपने उम्मीदवारों का चयन नहीं कर पायी है. उपचुनाव के लिए 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल किये जा सकेंगे. भाजपा ने भले अपने उम्मीदवार न उतारे हों, लेकिन उसका दावा है कि दोनों सीटों पर उसके प्रत्याशी ही जीतेंगे. इससे पहले फालता विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव (Bengal ByPoll Election Result Falta) में भाजपा के देवांशु पांडा ने रिकॉर्ड 1.09 लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज की थी.
ये भी पढ़ें: बंगाल में भाजपा की जीत से ढाका में हड़कंप, बांग्लादेशी मीडिया ने बताया ‘बड़ा संकट’, सांसद को डराने लगा शरणार्थी संकट
बंगाल चुनाव में भाजपा को मिला था पूर्ण बहुमत
बंगाल चुनाव 2026 में बंगाल की 293 सीटों पर वोटिंग हुई थी. पहली बार रिकॉर्ड 93.71 प्रतिशत वोटिंग हुई. जब परिणाम (Bengal Election Poll Result 2026) आये, तो इसमें भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की और राज्य की सत्ता पर कब्जा कर लिया. 15 साल तक बंगाल पर शासन करने वाली तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमटकर रह गयी. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 2, आम जनता उन्नयन पार्टी ने 2, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने 1 और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट ने 1 सीट पर जीत दर्ज की. आम जनता उन्नयन पार्टी के हुमायूं कबीर अकेले 2 सीटों से जीते थे.
