नेपाल सीमा से बंगाल में घुसपैठ की कोशिश, एसएसबी ने थाईलैंड की दो लड़की समेत चार को पकड़ा

Nepal Border: प्रारंभिक जांच में एसएसबी को आशंका है कि दोनों विदेशी महिलाएं अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क में शामिल होने की योजना बना रही थीं. जांच में यह भी सामने आया है कि थाई मसाज के नाम पर इस तरह के अवैध कारोबार को संचालित किया जाता है.

Nepal Border: कोलकाता. भारत-नेपाल सीमा के रास्ते अवैध घुसपैठ को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने विफल करते हुए दो विदेशी महिलाओं समेत कुल चार लोगों को पकड़ा है. यह कार्रवाई नक्सलबाड़ी थाना क्षेत्र के रथखोला इलाके में की गयी. गिरफ्तार लोगों में दो थाईलैंड की नागरिक, एक नेपाली तस्कर और एक भारतीय चालक शामिल है. एसएसबी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 41वीं बटालियन के रानीडांगा सेक्टर के जवानों ने मदनजोत इलाके में 88/08 नंबर पोल के पास घेराबंदी की थी. इसी दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन सीमा पार करने की कोशिश करता हुआ दिखा, जिसे रोककर तलाशी ली गयी.

नेपाल का भी एक नागरिक गिरफ्तार

वाहन की जांच में दो विदेशी महिलाओं को पकड़ा गया, जिनकी पहचान नुसरा किंगवान और साबिनी चालासाई के रूप में हुई है. दोनों थाईलैंड की निवासी बतायी गयी हैं. उनके साथ मौजूद नेपाली तस्कर अभिषेक श्रेष्ठ भारतेली को भी गिरफ्तार किया गया, जो नेपाल के झापा जिले के मेचीनगर का निवासी है. इसके अलावा उत्तर दिनाजपुर निवासी वाहन चालक मोहम्मद सलेमान उर्फ सुलेमान को भी हिरासत में लिया गया. जांच के दौरान आरोपियों के पास से विदेशी पासपोर्ट, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और नेपाली पहचान पत्र समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किये गये हैं. घटना में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

सभी नक्सलबाड़ी थाना पुलिस के हवाले

जांच में यह भी सामने आया है कि थाई मसाज के नाम पर इस तरह के अवैध कारोबार को संचालित किया जाता है. नेपाली तस्कर अभिषेक पर आरोप है कि उसने इन महिलाओं को सीमा पार कराने में मदद की. सभी आरोपियों और बरामद सामान को नक्सलबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है. उनके खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी है. नक्सलबाड़ी के एसडीपीओ सौम्यजीत राय ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं.

Also Read: शुभेंदु अधिकारी का अवैध निर्माण पर एक्शन, पश्चिम बंगाल में ऑपरेशन बुलडोजर शुरू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >