गैस एजेंसियों के कार्यालयों के बाहर लंबी कतारें

महानगर और राज्य के कई अन्य स्थानों में बुधवार को रसोई गैस एजेंसियों के कार्यालयों और ऑटो के लिए एलपीजी गैस भरवाने वाले केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आयीं.

कोलकाता

. महानगर और राज्य के कई अन्य स्थानों में बुधवार को रसोई गैस एजेंसियों के कार्यालयों और ऑटो के लिए एलपीजी गैस भरवाने वाले केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आयीं. हालांकि पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अधिकारियों ने कहा कि राज्य भर के सभी फिलिंग स्टेशनों पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सामान्य रही. पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति के कारण एलपीजी सिलिंडरों की कीमतों में वृद्धि के बाद घरेलू उपभोक्ताओं में घबराहट है और खाना पकाने वाली गैस की मांग बढ़ गयी, जिसके परिणामस्वरूप कोलकाता के विभिन्न हिस्सों और सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी सहित अन्य शहरों में गैस एजेंसी कार्यालयों के बाहर लंबी कतारें देखी गयीं.

एलपीजी डीलरों ने कहा कि उन्हें इस समय दो-सिलिंडर गैस कनेक्शन जारी न करने के निर्देश मिले हैं और संकट के कारण आपूर्ति धीमी है. नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कोलकाता चैप्टर के प्रमुख पीयूष कांकरिया ने कहा कि बुधवार से महानगर भर के भोजनालयों में खाना पकाने की गैस की आपूर्ति पूरी तरह से बंद कर दी गयी है. वहीं, सड़क किनारे स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों के मालिकों ने दावा किया कि उन्हें रसोई गैस सिलिंडर खुदरा मूल्य से लगभग दोगुने दाम पर खरीदने पड़ रहे हैं.

वहीं पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा भू-राजनीतिक व्यवधानों को देखते हुए उसने तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के आदेश जारी किये हैं.

स्कूलों में नहीं बंटा मिड डे मील : गैस सिलिंडर की दिक्कतों के कारण महानगर के कई सरकारी स्कूलों में बुधवार को मिड डे मील नहीं बंट पाया. रानी रासमणि रोड स्थित सरकारी स्कूल में बुधवार को बच्चों को केवल एक-एक उबला हुआ अंडा वितरित किया गया. स्कूल की ओर से बताया गया कि गैस सिलिंडर सप्लाई नहीं होने से भोजन बन नहीं पाया. वहीं, आदर्श हिंदी हाइस्कूल, मोमिनपुर के शिक्षकों ने बताया कि गैस सिलिंडर की सप्लाई नहीं होने के कारण बुधवार को बच्चों को सूखी खाद्य सामग्री यानी केक-बिस्कुट दिया गया.

एमएलए हॉस्टल में रसोई गैस की किल्लत : कोलकाता के किड स्ट्रीट स्थित एमएलए हॉस्टल में भी रसोई गैस सिलिंडर का संकट है. स्थिति को सामान्य रखने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप किया है. एमएलए हॉस्टल में खाना बनाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने सप्लाई करने वाली कंपनी से सिलेंडर की सप्लाई सामान्य रखने का अनुरोध किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >