TMC नेता को धमकानेवाले IPS अजय पाल शर्मा पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- हम बख्शेंगे नहीं

Akhilesh Yadav On Ajay Pal: यूपी की कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को बंगाल में दक्षिण परगना का पर्यवेक्षक बनाया गया है. दूसरे चरण की वोटिंग से पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो टीएमसी के प्रत्याशी जहांगीर के परिवार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं सपा मुखिया ने उन्हें बीजेपी का एजेंट बताया.

Akhilesh Yadav On Ajay Pal: कोलकाता. पश्चिम बंगाल में यूपी कैडर के आईपीएस अफसर अजय पाल शर्मा ने सोमवार को टीएमसी के प्रत्याशी को धमकाया था. अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस घटनाक्रम के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए बेहद तीखा हमला बोला है. अधिकारी के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि इसका सीधा संबंध सीएम योगी आदित्यनाथ से जुड़ा है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आईपीएस अधिकारी को जो वीडियो वायरल हो रहा है, उससे यूपी सरकार में शासन और प्रशासन की छवि बेहद खराब हुई है. उन्होंने अधिकारी को सीएम योगी से जोड़ते हुए कहा कि वो इनके खिलाफ जैसी कार्रवाई करेंगे उससे ही मुख्यमंत्री का रुख भी साफ होगा.

सपा अध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग

अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा- बंगाल चुनाव के दौरान ऑब्ज़र्वर बने, उप्र के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे उत्तर प्रदेश सरकार के शासन-प्रशासन की छवि बेहद क्षतिग्रस्त हुई है साथ ही भाजपा सरकार के तथाकथित महिला सम्मान व नारी वंदन के दावों की पोल भी महिलाओं के सामने पूरी तरह खुल गई है. भाजपा शासन-प्रशासन में ऐसे व्यक्ति व अधिकारी अपवाद नहीं है. नारी को लगता है कि जिनके हाथ में महिला सुरक्षा की बागडोर है अगर वो ऐसे हैं, तो हमारी सुरक्षा कैसे होगी. आज भाजपा से जुड़ी हर नारी शर्मिंदा है क्योंकि बहन-बेटियां तो उनके घरों में भी हैं. अखिलेश यादव ने लिखा है- देखते हैं इनका निलंबन-बर्ख़ास्तगी कितनी जल्दी होती है.

हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे

अखिलेश यादव ने लिखा- प. बंगाल में भाजपा ने ऑब्जवर के नाम पर रामपुर व संभल में टेस्ट किये हुए अपने एजेंट भेजे हैं, लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं. दीदी हैं, दीदी रहेंगी! सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे एजेंडों के एजेंटों की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जांच होगी और बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी. ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं. हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे. ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए क़ानूनी सज़ा भी पाएंगे. लोकतंत्र के अपराधी बख़्शे नहीं जाएंगे!

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

क्या बोले थे अजय पाल

सामने आए वीडियो में IPS अजयपाल शर्मा कह रहे हैं- फिर उसकी खबर फिर अच्छे चलेंगे हम. ये जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं, उसको बता देना कायदे से. ये बार बार जो खबरें आ रही है की उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे. फिर बाद में रोना पछताना मत. दरअसल, फलता विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान पर स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के गंभीर आरोप लग रहे थे. शिकायत मिलते ही अजय पाल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. हैरानी की बात यह रही कि स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने जहांगीर खान का पता बताने में आनाकानी की, लेकिन टीम ने तलाशी के बाद उसका घर ढूंढ निकाला.

Also Read: पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं उत्तर प्रदेश के ‘सिंघम’, दक्षिण 24 परगना में लगी है चुनावी ड्यूटी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >