Agnimitra Paul on Women Safety: पश्चिम बंगाल की नवनियुक्त महिला एवं बाल विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने राज्य की आधी आबादी को सुरक्षा का बड़ा भरोसा दिया है. विधानसभा में शपथ लेने के बाद अग्निमित्रा ने साफ कर दिया कि नयी सरकार में महिलाओं की आजादी पर कोई पाबंदी नहीं होगी.
जीरो एफआईआर और सीसीटीवी का जाल
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पिछली टिप्पणियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब महिलाओं से यह नहीं पूछा जायेगा कि वे रात 8 बजे के बाद बाहर क्यों हैं. मंत्री ने महिला सुरक्षा के लिए जीरो एफआईआर (Zero FIR) को अनिवार्य बनाने और नगर निकायों में भ्रष्टाचार रोकने के लिए सीसीटीवी (CCTV) जाल बिछाने की बड़ी घोषणा की है.
रात 8 बजे वाला डर अब होगा खत्म
अग्निमित्रा पॉल ने दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज की घटना के बाद पिछली सरकार के रवैये का जिक्र करते हुए कहा कि हर महिला को अधिकार है कि वह अपनी मर्जी से जब चाहे, जहां चाहे जा सके. उन्हें किसी भी समय बाहर निकलने से रोका नहीं जा सकता. महिलाओं की आजादी छिनने का कोई सवाल ही नहीं है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल के स्कूलों में सुबह-सुबह वंदे मातरम गाना अनिवार्य, शुभेंदु अधिकारी सरकार ने वीडियो रिकॉर्डिंग भी करने को कहा
जीरो एफआईआर बनेगा महिलाओं की सुरक्षा का हथियार
मंत्री ने कहा कि अब पुलिस को महिलाओं की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करनी होगी. शिकायत दर्ज करने में आनाकानी करने वाले अधिकारियों पर गाज गिर सकती है. महिलाएं अब किसी भी थाने में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज करा सकेंगी, जिसे तुरंत स्वीकार कर जांच शुरू करनी होगी.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
नगर निकायों में CCTV और जल्द होंगे चुनाव
भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए मंत्री ने तकनीक का सहारा लेने की बात कही है. कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी नगर निकायों में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट की मंत्री ने घोषणा की कि हावड़ा और दुर्गापुर नगर निगमों के चुनाव जल्द ही संपन्न कराए जाएंगे, जो लंबे समय से लंबित थे.
सिंडिकेट राज पर प्रहार, अवैध टोल प्लाजा खत्म
अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी (TMC) कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए सिंडिकेट राज को खत्म करने का दावा किया. उन्होंने कहा कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बांस के अवरोधक लगाकर जो अवैध ‘टोल प्वाइंट’ बना रखे थे, उन्हें हटा दिया गया है. अब ऐसे किसी भी अवैध वसूली केंद्र की अनुमति नहीं दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें : रथिंद्र बोस बंगाल विधानसभा के नये अध्यक्ष पद के उम्मीदवार, शुभेंदु अधिकारी ने किया ऐलान
Agnimitra Paul on Women Safety: खनन माफिया का होगा खात्मा
नदियों से अवैध बालू (रेत) निकालना और कोयला क्षेत्रों में अवैध खनन को पूरी तरह बंद किया जायेगा. इसके लिए कड़े निर्देश जारी कर दिये गये हैं और जमीनी स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गयी है. अग्निमित्रा पॉल के इन तेवरों से साफ है कि शुभेंदु सरकार में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा जा रहा है. मंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बंगाल अब ‘प्रतिबंधों’ से नहीं बल्कि ‘अधिकारों’ से चलेगा.
इसे भी पढ़ें
वकील के गाउन में अदालत पहुंचीं ममता बनर्जी, बंगाल चुनाव 2026 के बाद हिंसा पर सरकार को घेरा
