एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक्स की दो बोतलें चोरी होने की घटना के बाद शुरू हुआ था विवाद
आरोपियों के कब्जे से दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और एक बंदूक जब्तकोलकाता. सोमवार देर रात को महानगर के तिलजला इलाके में एक युवक पर फायरिंग की घटना में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपियों के नाम मोहम्मद सलमान और मोहम्मद अनवर बताया गया है. दोनों रिश्ते में पिता-पुत्र बताये गये हैं. मंगलवार देर रात को दोनों को गिरफ्तार किया गया. उन्हें कोलकाता से अन्यत्र भागते समय गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और एक बंदूक जब्त की है. पुलिस सूत्र बताते हैं कि शूटआउट की घटना के बाद दोनों इलाके में एक गुप्त ठिकाने में छिपे थे. मंगलवार देर रात एक गुप्त जानकारी मिली कि दोनों आरोपी अंधेरे में शहर छोड़ने की योजना बना रहे हैं. वे तिलजला रेलवे गेट नंबर-2 के पास हैं. इसके बाद पुलिस ने सुबह करीब 3 बजे इलाके के एक रिक्शा स्टैंड पर छापा मारा. वहां से पिता और पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
क्या था मामला
गौरतलब है कि शूटआउट की घटना सोमवार देर रात ईस्ट कोलकाता के बेनियापुकुर थाना इलाके के तिलजला रोड पर हुई थी. वहां मोहम्मद सलमान पर आरोप था कि उसने कोल्ड ड्रिंक्स की चोरी को लेकर पड़ोस में हुए झगड़े में मोहम्मद नियाज उर्फ राजा नामक आरोपी को उसके घर से बुलाकर उस पर कई राउंड गोलियां चलायीं. युवक के पैर में दो गोलियां लगीं. उसे घायल हालत में एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां उसका इलाज चल रहा है.
कोल्ड ड्रिंक्स की दो बोतलें चोरी होने के बाद आगे बढ़ गया विवाद
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर को एक वृद्ध व्यक्ति की दुकान के सामने फ्रिज में कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें रखी थी. दुकानदार ने अचानक देखा कि कोल्ड ड्रिंक्स की दो बोतलें गायब हैं. कोल्ड ड्रिंक के बोतलों की चोरी को लेकर दो पक्ष के बीच शुरू हुए झमेले ने शाम को बड़ा आकार ले लिया. इसके बाद ही सलमान, उसके पिता एवं नियाज में पहले तर्क -वितर्क हुआ जो बाद में काफी बढ़ गया. फिर जोरदार झमेला हो गया. आरोप है कि सलमान के पिता ने नियाज को कोर्ट तक ले जाने की धमकी दी. नियाज के घरवालों ने बताया कि इसके बाद ही सलमान ने रात एक बजे के बाद नियाज को बात करने के लिए बुलाया. उसके घर से निकलते ही परिवार के सदस्यों को गोलियों की आवाज़ सुनाई दी. गोली लगने के बाद नियाज को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां उसकी सर्जरी की गयी. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सलमान एक पुराने लूट के मामले में भी आरोपी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.