6.5 लाख की ऑनलाइन ठगी में देवघर से युवक गिरफ्तार

कोलकाता : कोलकाता में एक व्यक्ति से 6.5 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के आरोप में पुलिस ने झारखंड के देवघर से विनोद कुमार पंडित (22) नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है. वह देवघर के सरवां थाना क्षेत्र के कनुडीरत्ती गांव का रहनेवाला है. उसे कोलकाता लाकर रविवार को बैंकशाल कोर्ट की विशेष […]

कोलकाता : कोलकाता में एक व्यक्ति से 6.5 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के आरोप में पुलिस ने झारखंड के देवघर से विनोद कुमार पंडित (22) नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है. वह देवघर के सरवां थाना क्षेत्र के कनुडीरत्ती गांव का रहनेवाला है. उसे कोलकाता लाकर रविवार को बैंकशाल कोर्ट की विशेष सीएमएम अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आरोपी को 10 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है.

शिकायतकर्ता का नाम समीर कुमार सिन्हा है. गत 15 जनवरी को ठगी का शिकार होने के बाद उन्होंने शेक्सपीयर सरणी थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी थी. मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने कहा कि पीड़ित ने शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल में 14 जनवरी को एक मैसेज आया.

मैसेज में पेटीएम केवाइसी अपटेड नहीं होने के कारण 24 घंटे में पेटीएम अकाउंट बंद होने की जानकारी दी गयी थी. केवाइसी अपडेट कराने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था. उन्होंने उस नंबर पर फोन किया, तो आरोपी ने उसके एनरॉयड मोबाइल पर एप्स शेयरिंग एप्लिकेशन लोड करवाया. उन्होंने जैसे ही वह एप लोड किया, आरोपी ने उनसे एक रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने को कहा.

पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने एक रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया, तुरंत किस्तों में उनके अकाउंट से कुल 6.5 लाख रुपये ऑनलाइन निकाल लिये जाने का मैसेज आया. इसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने शेक्सपीयर सरणी थाने पहुंचे. श्री शर्मा ने बताया कि एप्स शेयरिंग एप्लिकेशन के जरिये पीड़ित का मोबाइल हैक कर इस घटना को अंजाम दिया गया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >