वामपंथी श्रमिकों की हड़ताल पर सरकार ने जारी किया फरमान
कोलकाता : आठ जनवरी को प्रस्तावित हड़ताल पर राज्य सरकार ने फरमान जारी किया है और राज्य के सभी कर्मचारियों को कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. वित्त विभाग के प्रधान सचिव एचके द्विवेदी द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि प्रस्तावित हड़ताल के दिन राज्य सरकारी और सरकार सहायता प्राप्त कार्यालय खुले रहेंगे. सभी कर्मचारियों को हड़ताल के दिन कार्यालय आना होगा. विशेष परिस्थिति को छोड़ कर किसी भी कर्मचारी की अर्द्ध दिवस या पूर्ण दिवस की छुट्टी मंजूर नहीं की जायेगी.
बावजूद इसके यदि कोई कर्मचारी अवकाश लेता है, तो संबंधित कर्मचारी का एक दिन का वेतन या सेवा काल में एक दिन की कटौती की जायेगी. वहीं अस्पताल में भर्ती होने पर, परिवार में किसी के निधन पर, बीमारी के कारण छट्टी पर रहने की स्थिति में, चाइल्ड केयर लीव, मेडिकल लीव व मातृत्वकालीन लीव पर रहनेवाले कर्मचारी हड़ताल के दिन छुट्टी पर रह सकते हैं.
