एनसीबी की कोलकाता जोनल यूनिट की टीम ने दबोचा
कोलकाता : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के कोलकाता जोनल यूनिट की टीम ने गुप्त जानकारी के आधार गुरुवार रात मालदा के गाजोल मोड़ के पास असम से कोलकाता आ रहे ट्रक के केबिन से 391 किलो गांजा जब्त कर ट्रक चालक मोहम्मद चांद और खलासी इम्तियाज को गिरफ्तार लिया.
दोनों मणिपुर के रहनेवाले हैं. प्राथमिक पूछताछ में उन्होंने ने बताया कि वह ट्रक लेकर कृष्णनगर के नवद्वीप जाने वाले थे, जहां से गिरोह के अन्य तीन सदस्य इसकी डिलीवरी कोलकाता में करवाने वाले थे.
इस जानकारी के बाद नदिया के कृष्णनगर के नवद्वीप से मोहम्मद अब्दुल मालिक, हैसनाम चैन्स और दीपंकर दास को भी गिरफ्तार कर लिया गया. कब से वह इस धंधे में शामिल हैं? उनके साथ और कौन-कौन लोग हैं? कोलकाता में कहां गांजे की सप्लाई होने वाली थी? उनसे इन सवालों का जवाब जानने की कोशिश की जा रही है.
