कोलकाता : युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शादाब खान के साथ गुरुवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की मुलाकात हुई. प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दिशा में दोनों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद शादाब के साथ सोनिया की यह पहली मुलाकात थी.
दिल्ली से लौटने के बाद शादाब खान ने बताया कि सोनिया गांधी ने उनको बंगाल में युवा कांग्रेस को और मजबूत करने की दिशा में पहल करने को कहा है. इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया है कि आने वाले चुनाव में वामपंथियों के साथ कांग्रेस का गठबंधन होने वाला है. लिहाजा संगठन को इस तरह से मजबूत करें कि कोलकाता नगर निगम और विधानसभा के चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस के उम्मीदवार जीत कर अपनी दमदार उपस्थिति को दर्ज करायें.
शादाब खान ने कहा कि सोनिया का निर्देश पाने के बाद वह राज्य सरकार व केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार आंदोलन करते रहने की रणनीति बनाने के साथ संगठन को मजबूत करेंगे. शादाब के अलावा पश्चिम बंगाल विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता अब्दुल मन्नान व राज्यसभा में कांग्रेस के सांसद प्रदीप भट्टाचार्य से सोनिया गांधी ने अलग-अलग बैठक की.
बैठक में आने वाले समय में कांग्रेस के साथ वामपंथियों के गठबंधन की संभावानाओं पर विस्तृत चर्चा की गयी, क्योंकि पूजा के बाद दोनों विचारधारा के नेताओं के साथ बैठक होने वाली है, जहां गठबंधन की रूपरेखा बनेगी. लिहाजा मन्नान व प्रदीप भट्टाचार्य ने सोनिया गांधी के सामने सभी संभावनाओं को रखा, जिसको सुनने के बाद सोनिया गांधी ने गठबंधन की दिशा में प्रदेश भाजपा के नेताओं को आगे बढ़ने का निर्देश दिया है.
