भीड़भाड़ वाले मंडपों में दर्शनार्थियों के मोबाइल गायब करनेवाले 16 गिरफ्तार
महानगर के विभिन्न स्थानों में अशांति फैलाने व पुलिस से उलझने के आरोप में 144 गिरफ्तार
कोलकाता : दुर्गापूजा के दौरान महानगर के विभिन्न इलाकों में अशांति फैलाने व दर्शनार्थियों से छिनताई करने जैसे विभिन्न मामलों में पुलिस ने कुल 162 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. लालबाजार सूत्रों के मुताबिक पूरे महानगर में दो अक्तूबर से लेकर मंगलवार देर रात तक कुल 144 बदमाशों को अशांति फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
इसके अलावा महानगर के विभिन्न पूजा मंडपों में दर्शनार्थियों की जेब से मोबाइल फोन गायब करने के आरोप में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं. इनके पास से 12 मोबाइल जब्त किये गये हैं. महानगर के विभिन्न इलाकों में चोरी के आरोप में दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. उनके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं.
लालबाजार सूत्रों के मुताबिक दुर्गापूजा के दौरान महानगर में बंधु कोलकाता की टीम ने 15 लापता बच्चों को बरामद किया, इनमें से 13 बच्चों को उनके परिवारवालों के हवाले कर दिया गया, जबकि दो बच्चों को निजी होम में बेहतर देखभाल के लिए भेजा गया है. दुर्गापूजा के दौरान मंडप देखने के दौरान बीमार पड़े सात वृद्ध दर्शनार्थियों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया.
कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने बताया कि दुर्गापूजा की शुरुआत के पहले ही कोलकाता पुलिस के क्षेत्र के सभी स्थानीय थाने की पुलिस के अलावा लालबाजार के डीडी बिल्डिंग से वाॅच सेक्शन, एआरएस व एंटी बग्लरी की टीम सभी गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी. इसी के कारण पूजा के दौरान कोई बड़ी घटना नहीं हुई.
