राज्यपाल ने डीजीपी से बैरकपुर की स्थिति पर तलब की रिपोर्ट
Copied link
कोलकाता : राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने पुलिस महानिदेशक वीरेंद्र को मंगलवार को तलब किया. पुलिस महानिदेशक सुबह राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे. राजभवन सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने डीजीपी के साथ लगभग आधे घंटे तक बैठक की. बैठक के दौरान राज्यपाल ने डीजीपी से राज्य की कानून-व्यवस्था की […]
कोलकाता : राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने पुलिस महानिदेशक वीरेंद्र को मंगलवार को तलब किया. पुलिस महानिदेशक सुबह राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे. राजभवन सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने डीजीपी के साथ लगभग आधे घंटे तक बैठक की.
बैठक के दौरान राज्यपाल ने डीजीपी से राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चर्चा की. जानकारी के अनुसार, इस बैठक में राज्यपाल ने बैरकपुर संसदीय क्षेत्र में हुई घटना के बारे में डीजीपी से रिपोर्ट तलब की. साथ ही उन्होंने घटना के आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बताया जाता है कि बैठक में मूलत: बैरकपुर संसदीय क्षेत्र के भाटपाड़ा, श्यामनगर, कांकीनाड़ा इलाके में लगातार हो रही राजनीतिक हिंसा को लेकर चर्चा हुई. इन क्षेत्रों के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी विपक्षी कार्यकर्ताओं पर होने वाले जानलेवा हमलों पर राज्यपाल ने चिंता जतायी. पुलिस महानिदेशक ने राज्यपाल को आश्वस्त किया है कि कानून हर जगह निष्पक्षता से अपना काम कर रहा है. गौरतलब है कि रविवार को बैरकपुर में पथराव और लाठीचार्ज के दौरान भाजपा सांसद अर्जुन सिंह का सिर फट गया. राज्यपाल ने सोमवार को अस्पताल जाकर अर्जुन सिंह से मुलाकात की थी.