मालदा : अपनी ही जमीन में शौचालय बनाने के लिए स्थानीय बदमाशों ने रंगदारी मांगी थी. नहीं देने पर उन्होंने दलबल के साथ आकर बबलू शेख (36) की हत्या कर दी. यह घटना रविवार की सुबह मोथाबाड़ी थानांतर्गत मेहेरापुर के नतूनपाड़ा इलाके में हुई है.
घटना के बाद जहां अधिकतर आरोपी भाग गये वहीं, पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि बाकी की तलाश की जा रही है. घटना से उत्तेजित स्थानीय जनता ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी. पुलिस के सामने इन लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन किया.आग को नियंत्रित करने के लिए मालदा से एक दमकल वाहन पहुंचा. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया.
उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोथाबाड़ी और कालियाचक थाना से विशाल पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा. मारे गये व्यक्ति के परिवारवालों ने पड़ोसी फजलुल शेख, लालचंद शेख समेत छह लोगों के खिलाफ मोथाबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने फजलुल शेख को गिरफ्तार किया है. एसपी आलोक राजोरिया ने बताया कि ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. बाकी आरोपियों की भी तलाश चल रही है.
बबलू शेख के परिवारवालों ने बताया कि वह पेशे से दैनिक मजदूर था. रविवार की सुबह वह अपनी पैतृक जमीन में पक्का शौचालय बनवा रहा था. उसी दौरान पड़ोसी फजलुल शेख, लालचंद शेख व उनके दलबल ने रंगदारी की मांग पर काम में बाधा डाली. जब बबलू ने इसका प्रतिवाद किया तो आरोपियों ने रॉड और बंदूक के बट से उसे बुरी तरह मारा.
आरोप है कि आरोपियों ने बबलू का सिर किसी भारी चीज से कुचल दिया. खून से लथपथ हालत में उसे निकटवर्ती ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद उत्तेजित जनता ने आरोपियों के तीन घरों को क्षतिग्रस्त करने के अलावा उनमें आग लगा दी.
बबलू के बड़े भाई नौशाद अली ने बताया कि उनका भाई अपनी जमीन में एक छोटा सा शौचालय बनवा रहे थे. उसी दौरान आरोपियों ने उनसे रंगदारी मांगी. रंगदारी नहीं देने पर उन्होंने उसे बुरी तरह मारा-पीटा जिससे उसकी मौत हो गयी. इस हत्याकांड में छह लोगों को नामजद किया गया है. इन लोगों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की गयी है.
