मिल्ली अल आमिन कॉलेज में अपने पद से पूर्व मेयर की दोस्त बैशाखी बनर्जी ने दिया इस्तीफा
शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी पर साजिश रचने का लगाया आरोप
कहा : घर आकर पार्थ चटर्जी के मनाने के बावजूद शोभन के पार्टी में नहीं लौटने की मिली सजा
कोलकाता :कोलकाता नगर निगम के पूर्व मेयर व राज्य के पूर्व दमकल मंत्री शोभन चटर्जी की दोस्त बैशाखी बनर्जी ने बुधवार को मिल्ली अल आमीन कॉलेज में अपने पद से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद वह एक संवाददाता सम्मेलन में अपनी तकलीफ को बयां करते-करते रो पड़ीं. उन्होंने राज्य के शिक्षा मंत्री को इसका जिम्मेदार ठहराया और खुद को राजनीतिक साजिश का शिकार बताया.
बैशाखी ने कहा : कॉलेज से लेकर मुझे सोशल मीडिया तक बदनाम किया जा रहा था. कॉलेज के अंदर मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही थी. मेरे नाम पर उसी कॉलेज के शिक्षक कॉलेज से लेकर सोशल मीडिया तक उन्हें परेशान व बदनाम कर रहे थे. वह शिक्षक यह दावा कर रहे थे कि वह यह सब शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के कहने पर व उनकी सह पाकर कर रहे हैं. इसके कारण तनाव व परेशान होकर उन्होंने यह रास्ता चुना.
बैशाखी ने कहा : मुझे मेरा आत्म सम्मान प्यारा है, इसके कारण यह फैसला लेने के लिए बाध्य होना पड़ा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 23 जुलाई को पार्थ चटर्जी उनके मित्र शोभन चटर्जी के घर उन्हें मना कर पार्टी में वापस लौटने का आवेदन लेकर आये थे. पार्थ चटर्जी के आवेदन को शोभन चटर्जी के नहीं मानने के कारण ही उनके खिलाफ साजिश रचने का सिलसिला शुरू हुआ. इसके कारण बाध्य होकर मजबूरी में उन्हें इतना सख्त फैसला लेना पड़ा.
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अभियान ‘दीदी के बोलो’ का हवाला देते हुए कहा : दीदी के बोलो के जरिये मैं दीदी से यह पूछ रही हूं कि क्या उन्हें इन सब बातों का पता है, क्या इतना सब कुछ हो जाने की खबर उन्हें (ममता बनर्जी को) है. क्या उन्हीं की मर्जी से यह सब कुछ हो रहा है, हमारी दीदी इन सवालों का जवाब दें. यह उनकी दीदी से छोटी सी मांग है.
