उत्तर 24 परगना के बशीरहाट में होगी स्थापना
कोलकाता : महानगर के न्यूटाउन स्थित मिष्टी हब की तर्ज पर उत्तर 24 परगना के बशीरहाट में भी मिष्टी हब स्थापित किया जायेगा. राज्य सरकार के वित्त व उद्योग विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार का सुक्ष्म, लघु व मध्यम वर्गीय व कपड़ा विभाग (एमएसएमई एंड टेक्सटाइल डिपार्टमेंट), बशीरहाट -2 ब्लॉक के रघुनाथपुर में न्यू टाउन के बेहद सफल मिष्टी हब के मॉडल पर मिष्टी हब की योजना बना रहा है.
न्यूटाउन मिष्टी हब दमदम हवाई अड्डे के मार्ग पर स्थित होने के कारण, यह हब लोगों के आकर्षण का केंद्र है. विदेशी पर्यटक भी इस हब का आनंद उठा रहे हैं. अब इसी तरह की योजना बशीरहाट में बनायी गयी है. राज्य सरकार ने परियोजना के लिए लगभग 4.5 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं.
इस हब के सक्रिय होने से क्षेत्र में मिठाइयों के व्यापार से जुड़े लगभग 1,500 लोग लाभान्वित होंगे. योजना के अनुसार दुकान-मालिकों के लाभ के लिए हब के बगल में एक छेना और पनीर इकाई भी स्थापित की जायेगी. विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि हब में उचित पैकेजिंग का उपयोग किया जाये. वहां पर बैठकर खाने की सुविधा भी मिलेगी. मिष्टी हब के प्रबंधन के लिए एक सहकारी समिति बनायी जायेगी.
