- परिवारवालों के काफी ढूंढने के बावजूद नहीं मिल रहा था सुराग
- नॉर्थ पोर्ट इलाके के गंगा नदी में मिला लापता महिला का शव
कोलकाता : बुधवार को बेटे को स्कूल पहुंचाने के बाद से समर्पिता बर्मन (33) लापता हो गयी थी. दक्षिण कोलकाता के लेक गार्डेन की निवासी समर्पिता की तलाश में उसके परिवारवाले इधर-उधर भटक रहे थे.
स्थानीय थाने में भी लापता होने की शिकायत दर्ज करायी गयी थी. परिवारवालों का कहना है कि बेटे को स्कूल पहुंचाने के बाद वह अपने पति के साथ दो बार बात की, इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था. दो दिन लापता रहने के बाद शनिवार को नॉर्थ पोर्ट इलाके में गंगा नदी से उसका शव बरामद किया गया. समर्पिता की मौत कैसे हुई, वह लेक गार्डेन इलाके से गंगा घाट के पास कैसे पहुंची. इसका पता नहीं चल पा रहा है.
परिवारवालों का कहना है कि समर्पिता की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी. फिर उसकी मौत इस तरह से कैसे हुई. परिवारवाले उसकी हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हकीकत का पता चल सकेगा. फिलहाल समर्पिता की मौत एक रहस्य बनी हुई है. मृतका के परिवारवालों के अलावा उसके परिचित से पूछताछ कर पुलिस मौत के पीछे के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
