हावड़ा: केंद्र सरकार को कोसते हुए विपक्ष के नेता सूर्यकांत मिश्र ने कहा है कि भाजपा की नयी सरकार भी कांग्रेस की राह पर चल पड़ी है. महंगाई को मुद्दा बनानेवाली भाजपा ने सत्ता में आते ही सबसे पहले गरीबों पर महंगाई का बोझ और बढ़ा दिया है. प्याज की कीमत बढ़ने के बाद रेल किराया बढ़ाने से यह स्पष्ट हो गया है कि यह सरकार जनता की नहीं, बल्कि पूंजीपतियों की है.
शनिवार दोपहर हावड़ा स्टेशन के पास लांच घाट पर आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए सूर्यकांत ने कहा कि चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी यह कहते थे कि अच्छे दिन आयेंगे. चुनाव के बाद बेशक अच्छे दिन आये, लेकिन गरीबों के लिए नहीं, बल्कि कॉरपोरेट जगत के लिए. श्री मिश्र ने कहा कि यूपीए सरकार ने जब रेल भाड़े में वृद्धि की थी, उस समय भाजपा ने विरोध किया था.
लेकिन अब वही कर रही है. माल किराया बढ़ने से महंगाई बढ़ेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श बिना किये ही यह फैसला लिया गया है. वाम मोरचा इसका विरोध करता है. उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस आंदोलन में मोरचा का साथ दें.
