केंद्र सरकार के गलत फैसलों से जनता को रही मुश्किल
देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति
कोलकाता : बैरकपुर के सांसद दिनेश त्रिवेदी ने तृणमूल कांग्रेस की ब्रिगेड रैली के प्रचार के लिए शनिवार को बैरकपुर आये.उन्होंने यहां नोवापाड़ा में सभा करके लोगों से बड़ी संख्या में ब्रिगेड सभा में आने की अपील करते हुए कहा कि इन दिनों भाजपा को मतिभ्रम हो गया है. वह लगातार गलत फैसले लेकर लोगों को मुश्किलों में डालती जा रही है. इस देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति बन गयी है.
केंद्र सरकार फैसला ले ली है कि विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियां देश के नागरिकों का फोन और कंप्यूटर जब चाहें, तब खंगाल सकती हैं. इस तरह लोगों की निजता पर आघात हो रहा है. यह असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक है.
श्री त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि केंद्र अपने फैसलों से जनता को डरा रही है. लेकिन यह भूल जा रही है कि इस देश की जनता अंग्रेजों से नहीं डरी और उन्हें इस देश से जाने पर मजबूर कर दिया. ममता बनर्जी के नेतृत्व में हम भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.
उन्होंने कहा की फोन टेपिंग और कंप्यूटर खंगालने की नीति के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी. नोवापाड़ा के पलता शांतिनगर स्कूल मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सबको अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना होगा, क्योंकि अब वक्त नहीं है.
इस सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुनील सिंह ने कहा कि इस सभा में महिलाएं खुद बड़ी संख्या में मौजूद होकर दीदी का हाथ मजबूत करने आयी हैं. यहां से कम से कम 15 हजार लोग दीदी का हाथ मजबूत करने ब्रिगेड में पहुंचेंगे.
