कोलकाता : दक्षिण 24 परगना के जयनगर विधायक विश्वनाथ दास की गाड़ी पर गुरुवार को हुई गोलीबारी व बमबाजी कांड में पुलिस ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. उल्लेखनीय है कि विधायक की गाड़ी पर हुई अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गयी थी.
पुलिस ने कल रात से ही लगातार छापेमारी का सिलसिला जारी रखा है. गुरुवार की रात को ही पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया था. उसके बाद शुक्रवार को पुन: पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे मामले की विभिन्न बिंदुओं से जांच कर रही है. हालांकि अभी तक पुलिस को घटना के पीछे के कारणों का कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल सका है.
जिस पेट्रोल पंप पर गोलीबारी की घटना हुई थी उसके सीसीटीवी फुटेज में जिस व्यक्ति को गोली चलाते हुए देखा गया था, पुलिस ने उसकी शिनाख्त मनिरुल इस्लाम मोल्ला नामक व्यक्ति के रूप में की है. विधायक ने घटना के पीछे अपराधियों का हाथ होने की आशंका व्यक्त की थी.
जबकि दक्षिण 24 परगना युवा तृणमूल के सभापति सैकत मोल्ला ने इस घटना के पीछे एसयूसीआई तथा माकपा के समर्थकाें को हाथ होने की आशंका व्यक्त की है. इधर जयनगर में तृणमूल कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या मामले की जांच शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (सीआइडी) ने अपने हाथों में ले लिया.
