कोलकाता : श्रमिकों और प्रबंधन के बीच अतिरिक्त काम को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण कमरहट्टी जूट मिल बंद हो गयी है. प्रबंधन ने सस्पेंशन ऑफ वर्क का नोटिस लगाकर मिल को बंद कर दिया है. मिल बंद होने से 3500 श्रमिक बेरोजगार हो गये हैं. जानकारी के अनुसार, 10 दिन पहले मिल प्रबंधन ने श्रमिकों को अतिरिक्त काम करने के लिए कहा था.
लेकिन इस पर अापत्ति जताते हुए श्रमिकों ने एक दिन काम बंद कर दिया. इसके बाद मिल प्रबंधन ने एक दिसंबर को बैठक कर सारी समस्या का समाधान निकालने का आश्वसन दिया, लेकिन उस दिन श्रमिकों के साथ कोई बैठक नहीं हुई.
श्रमिकों का आरोप है कि मंगलवार को रात्रि पाली में स्पीनिंग विभाग में मजदूरों पर काम का बोझ बढ़ा दिया गया. बताया गया कि ढाई टन माल की जगह अब तीन टन माल तैयार करना होगा. इसे श्रमिकों ने मानने से इनकार कर दिया. मिल प्रबंधन ने बुधवार सुबह सस्पेंशन ऑफ वर्क का नोटिस लगा कर मिल को आगामी सूचना तक बंद कर दिया.
मिल प्रबंधन के नोटिस में बताया गया है कि बुधवार को स्पीनिंग विभाग के ए शिफ्ट में श्रमिकों के अनुपस्थित रहने के कारण उत्पादन पर गहरा असर पड़ा है. प्रबंधन की तरफ काफी समझाने के बाद भी स्थिति यथावत बनी रही. परिणास्वरूप प्रबंधन के पास कोई रास्ता नहीं बचा. इस कारण आगामी सूचना तक सस्पेंशन ऑफ वर्क का नोटिस लगा कर मिल को बंद कर दिया गया है. सस्पेंशन ऑफ वर्क के दौरान नो वर्क नो पे का नियम लागू रहेगा.
