कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के नये मेयर पद के लिए बुधवार को दिन भर कयास का दौर चलता रहा. शोभन चटर्जी के मेयर पद से इस्तीफा देने को लेकर भी अटकलें लगती रहीं. मेयर पद की दौड़ में राज्य के शहरी विकास मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम, राज्य के खेल व युवा कल्याण मामलों के मंत्री अरूप विश्वास आगे बताये जा रहे हैं, जबकि वर्तमान मेें राज्य के पंचायत मंत्री व कोलकाता नगर निगम के पूर्व मेयर सुब्रत चटर्जी के नाम पर भी चर्चा हो रही है.
श्री हकीम राज्य की नगरपालिका व शहरी विकास विभाग को संभाल रहे हैं. उनका निगम संबंधित कार्य को लंबा अनुभव है और वह लंबे समय तक पार्षद भी रह चुके हैं. इसी तरह से श्री विश्वास का भी कोलकाता नगर निगम का लंबा अनुभव है और ये दोनों ही मंत्री मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफी विश्वासी माने जा रहे हैं.
दूसरी ओर, पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी राज्य के वरिष्ठ मंत्री हैं तथा कोलकाता के मेयर रहने के दौरान उनके काम की काफी सराहना हुई है. 2019 में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित है तथा 2020 में निगम चुनाव है. सुश्री बनर्जी किसी ऐसे व्यक्ति को निगम का कमान देना चाहती हैं, जो न केवल अनुभवी हों, बल्कि निगम का नेतृत्व सही ढंग से संभाल सकें. दूसरी ओर, निगम सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री निगम के वर्तमान उप मेयर इकबाल अहमद की जगह नये उप मेयर नियुक्त करने की पक्ष में हैं.
सूत्रों का कहना है कि वर्तमान में मेयर परिषद के सदस्य अतिन घोष या देवाशीष कुमार को नया उप मेयर बनाया जा सकता है. बुधवार को दिन भर इन नामों को लेकर कयास लगता रहा. गुरुवार की शाम की अलीपुर में मुख्यंमत्री ने कोलकाता नगर निगम के पार्षदों की बैठक बुलायी है. इस बैठक में ही इन कयासों पर विराम लगेगा.
