हावड़ा : पिछले दिनों पूर्व बर्दवान जिले के एक थाने के अंदर ‘टुकुर-टुकुर देखती हो क्या’ गाने पर सब-इंस्पेक्टर ने खूब नाचा था. मन मुताबिक जगह पर तबादला होने की खुशी में सब-इंस्पेक्टर ने थाने के अंदर वर्दी में डांस किया था. इस बार शिवपुर पुलिस लाइन में वर्दी में महिला पुलिस ने महानायक अमिताभ बच्चन की सुपर हिट फिल्म डॉन के एक गीत ‘खाय के पान बनारस वाला’ पर जमकर डांस किया है.
डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. वीडियो में देखा जा रहा है कि बुधवार रात काली पूजा के विर्सजन के दौरान महिला पुलिसकर्मी नाच रही है. घटना बुधवार रात साढ़े 8 बजे की है. प्रत्येक साल की तरह इस बार भी पुलिस लाइन में कालीपूजा का आयोजन किया गया था.
बुधवार को विसर्जन किया जा रहा था. गाना बजते ही महिला पुलिसकर्मियों ने नाचना शुरू किया. बाद में दूसरे पुलिसवालों ने भी महिला पुलिस के डांस में साथ निभाया. गुरुवार सुबह होते ही यह वीडियो वायरल हुआ आैर आमलोगों तक पहुंच गया. जानकारी के अनुसार, हावड़ा सिटी पुलिस ने जांच के आदेश दिये हैं.
