कोलकाता : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की दुर्गापूजा के दौरान पश्चिम बंगाल की यात्रा की तैयारियों में प्रदेश कांग्रेस जुट गयी है. श्री गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की प्रदेश इकाई से संगठन को मजबूत बनाने को कहा है. उन्होंने गत शनिवार को नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सौमेन मित्रा के साथ नयी दिल्ली में बैठक की थी और संगठनात्मक तथा आगामी चुनाव के मुद्दों पर चर्चा की.
प्रदेश कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान राहुल की यात्रा का प्रस्ताव आया था. कांग्रेस सांसद एवं समन्वय समिति के अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्य ने कहा कि यात्रा कार्यक्रम का खाका तैयार किया जा रहा है. उन्हें उम्मीद है कि वह पूजा के दौरान एक दिन के लिए श्री गांधी शहर में आयेंगे.
अंदरूनी कलह का सामना कर रहे बंगाल कांग्रेस के नये नेतृत्व की योजना लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करने की कोशिश के तहत जिलों में पार्टी संगठन में नयी जान फूंकने की है. श्री भट्टाचार्य ने कहा कि उन्हें पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कहा गया है. वह जानते हैं कि उनके पास बहुत कम समय बचा है, क्योंकि लोकसभा चुनाव कुछ ही महीने दूर हैं. उन्हें आशा है कि वह पार्टी को मजबूत कर सकेंगे और अपने बूते चुनाव लड़ सकेंगे.
प्रदेश कांग्रेस के एक अन्य नेता के मुताबिक, राहुल ने पार्टी नेताओं से राफेल सौदे के बारे में लोगों के मन में एक राय तैयार करने को कहा है. उनसे राफेल सौदे के बारे में बंगाल में एक राय तैयार करने को कहा गया है. वह व्यक्तिगत रूप से और सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचेंगे.
