कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री पार्थ चटर्जी ने सोमवार को भाजपा पर बुधवार को 12 घंटे का बंद बुलाकर राज्य में परेशानी खड़ा करने के प्रयास करने का आरोप लगाया और कहा कि उस दिन जनजीवन को सामान्य बनाये रखने के लिए हरसंभव कदम उठाये जायेंगे. सोमवार को राज्य सचिवालय नवान्न भवन में शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के नेतृत्व में मंत्री समूह की बैठक हुई.
बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को बंद के दिन अपने कार्यालयों में उपस्थित रहने और राज्य सरकार की परिवहन व्यवस्था चालू रखने के लिए अधिसूचना जारी करने के अलावा सरकार वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, निजी शैक्षणिक संस्थानों को सामान्य रूप से काम करते रहने के लिए कहेगी.
उन्होंने कहा कि बंद के पहले सरकारी कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर एक विशेष अधिसूचना जारी की गई है. बंद के दिन कर्मचारियों को हर हाल में कार्यालय आना होगा.
श्री चटर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इटली के मिलान से राज्य के घटनाक्रम पर नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी से बंद के दिन यातायात गतिविधियां सामान्य रखने के लिए निजी बस संचालकों के साथ समन्वय करने के लिए कहा गया है.
गौरतलब है कि उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर के दारीभीत गांव में आईटीआई के छात्र राजेश सरकार और तृतीय वर्ष के कॉलेज छात्र की मौत के विरोध में भाजपा ने बुधवार को 12-घंटे का बंगाल बंद का आह्वान किया है.
