कोलकाता : लिलुआ के वार्ड नंबर 61 में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्वास्थ्य केंद्र बनकर तैयार हो चुका है. उम्मीद जतायी जा रही है कि इस महीने के आखिरी सप्ताह या 28 तारीख को केंद्र का उद्घाटन किया जायेगा. एक मंजिला यह स्वास्थ्य केंद्र करीब एक करोड़ की लागत से बना है. इस स्वास्थ्य केंद्र की खासयित यह होगी कि तमाम पैथोलॉजी टेस्ट के साथ-साथ यहां डेंगू परीक्षण की जांच मुफ्त में किया जायेगा.
डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्थानीय पार्षद राजीव थमन ने कहा कि डेंगू की जांच के लिए यहां अलग से एक विभाग बनाया गया है. डेंगू की आशंका डॉक्टरों को होते ही मरीज यहां जांच करवा सकते हैं. उन्होंने कहा कि सभी पैथोलॉजी में डेंगू जांच की सुविधा नहीं रहती है. ऐसे में आर्थिक रूप से तंग मरीजों को कुछ ज्यादा ही परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्वास्थ्य केंद्र के खुलते ही इस समस्या का निदान हो जायेगा.
लिलुआ बड़ा गेट के विपरीत बना है स्वास्थ्य केंद्र
लिलुआ जीटी रोड किनारे व लिलुआ बड़ा गेट के ठीक विपरीत पांच कठ्ठे जमीन पर स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया है. हालांकि तय समय सीमा के अंदर स्वास्थ्य केंद्र बनकर तैयार नहीं हुआ. कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण निर्माण कार्य को बीच में बंद करना पड़ा था. निगम ने समस्या को सुलझाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाया आैर यह भवन अब बनकर तैयार हो चुका है.
इस स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर निशुल्क में इलाज करेंगे. आंख, कान, नाक के अलावा अन्य विभागों के भी डॉक्टर यहां उपलब्ध रहेंगे. नवजात बच्चों के लिए भी डॉक्टर यहां रहेंगे. मरीजों को दवाइयां भी निशुल्क दी जायेंगी. पैथोलॉजी जांच भी निशुल्क की जायेगी. इसके अलावा डेंगू की भी जांच मुफ्त में होगी. आंख से संबंधित गंभीर बीमारी का भी यहां इलाज किया जायेगा.
