कोलकाता : बिना आबकारी विभाग की इजाजत के महंगी शराब व नशीला पदार्थ के साथ हाइफाइ नाइट पार्टी का आयोजन करने के आरोप में आबकारी विभाग की टीम ने बेनियापुकुर थाने की पुलिस के साथ मिलकर रेड कर दो आयोजकों को गिरफ्तार किया. घटना बेनियापुकुर इलाके के सर्कस एवेन्यू में शनिवार देर रात 10.30 बजे की करीब की है. गिरफ्तार आयोजकों के नाम वरुण देसाई (कम्प्यूटर इंजीनियर) व विनय दासवानी (साउंड इंजीनियर) हैं.
दोनों आयोजकों को पार्टी में महंगी शराब परोसने की व्यवस्था करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आबकारी विभाग सूत्रों के मुताबिक, उन्हें खबर मिली थी कि बेनियापुकुर इलाके के सर्कस एवेन्यू में एक शिक्षण संस्थान की छत पर अवैध रूप से हाइफाइ नाइट पार्टी आयोजित की गयी है. इस पार्टी के आयोजन के लिए फेसबुक में कुछ लोगों के ग्रुप का एक फेसबुक पेज बनाया गया था. इसमें आपस में एक दूसरे से सलाह व परामर्श पर पार्टी का आयोजन किया गया था.
इसमें शामिल होने वाले प्रत्येक सदस्यों से प्रवेश शुल्क के तौर पर 800 रुपये लिये गये थे, लेकिन इस पार्टी के आयोजन के लिए आबकारी विभाग से कोई इजाजत नहीं ली गयी थी. महंगी शराब को परोसने के लिए कोई टैक्स भी नहीं चुकाया गया था. यही नहीं, जहां यह पार्टी आयोजित की गयी थी, उस इमारत के प्रमुख से भी इसकी इजाजत नहीं ली गयी थी. इस पार्टी में औचक रेड करने से लाखों रुपये की महंगी शराब और नशीले पदार्थ जब्त किये गये हैं. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथ पार्टी के आयोजन में शामिल अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
